Loading...

Accident / निरमंड में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, दूसरा घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Accident / कुल्लू जिले के निरमंड उपमंडल में बागीपुल क्षेत्र के शलूरी नाले के पास शनिवार देर रात एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में दो लोग सवार थे। हादसे में अमृतपाल नामक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कुल्लू/निरमंड

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और निरमंड पुलिस थाने के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार दोनों लोगों को रात करीब डेढ़ बजे खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। एक व्यक्ति को एंबुलेंस और दूसरे को पुलिस वाहन से अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अमृतपाल के रूप में हुई है, जो मोटर मैकेनिक का काम करता था।

निरमंड पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि कार किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से पहाड़ी और घुमावदार सड़कों पर रात के समय वाहन चलाते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Topics: