Accident / पांवटा साहिब में ट्रक के पीछे जा टकराई तेज रफ्तार बाइक, चालक की मौत, दूसरा युवक घायल
Accident / पांवटा साहिब में कुल्हाल की ओर जाने वाले मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा दूसरा युवक घायल हो गया। पुल के बीच बाइक आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई, जिसके बाद दोनों युवक सड़क पर गिर गए। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा साहिब
पुल के बीच ट्रक से हुई बाइक की जोरदार टक्कर
गांव कुंजा मतरालियों निवासी विनित खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने चाचा नफीस के साथ निजी काम से बद्रीपुर आया हुआ था। रात करीब आठ बजे दोनों बाइक पर बाबा अजीज सिंह चौक से कुल्हाल होते हुए घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुल के बीच पहुंचने पर उन्होंने कुल्हाल की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक को आगे चल रहे ट्रक से टकराते देखा।
टक्कर लगते ही सड़क पर गिरे दोनों युवक
शिकायतकर्ता के अनुसार बाइक ने ट्रक के पिछले हिस्से में चालक की तरफ जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद ट्रक वहीं रुक गया, जबकि बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए और उन्हें काफी चोटें आईं। बाइक चालक की पहचान बबलू और पीछे बैठे युवक की पहचान दीपक के रूप में हुई है। हादसे में बबलू की मौत हो गई, जबकि दीपक घायल हुआ है।
तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शी ने अपनी शिकायत में बाइक चालक बबलू पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। हादसे में शामिल ट्रक का पंजीकरण नंबर HR69D 2442 बताया गया है, जिसे सावन नामक चालक चला रहा था। पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
