छह साल पुराने सड़क हादसा मामले का उद्घोषित अपराधी शिमला से गिरफ्तार
Accident : जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल ने वर्ष 2019 के सड़क हादसा मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को जिला शिमला से गिरफ्तार किया है। आरोपी न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
छह वर्ष से फरार चल रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार पीओ सेल की टीम ने थाना राजगढ़ में वर्ष 2019 में दर्ज अभियोग संख्या 38/2019 के तहत वांछित उद्घोषित अपराधी कुशाल ठाकुर निवासी गांव कुंथल, डाकघर नेरीपुल, तहसील राजगढ़ को जिला शिमला के छेला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था और न्यायालय ने उसे पहले ही उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
न्यायालय में किया जाएगा पेश
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में थाना राजगढ़ पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। यह कार्रवाई जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल द्वारा फरार आरोपियों की तलाश के तहत की गई है।