Loading...

Accident / सुंदरनगर-करसोग सड़क धंसी, मकान की छत पर गिरा सीमेंट से लदा ट्रक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Aug 2026 • 1 Min Read

Accident / सुंदरनगर-करसोग सड़क पर सोमवार सुबह करीब पांच बजे जयदेवी गुरुद्वारे के पास जमीन धंसने से सीमेंट से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे एक मकान की छत पर जा गिरा। हादसे में मकान के भीतर मौजूद लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई, जबकि ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं। मकान और ट्रक को नुकसान पहुंचा है।

मंडी/सुंदरनगर

जानकारी के अनुसार, ट्रक सीमेंट लेकर करसोग की ओर जा रहा था। जयदेवी गुरुद्वारे के समीप दूसरे वाहन को पास देते समय अचानक जमीन धंस गई, जिससे चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसके बाद ट्रक सड़क से नीचे लुढ़कते हुए मकान की छत पर गिर गया। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

ट्रक चालक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने पर सुंदरनगर के बीएसएल कॉलोनी पुलिस थाने की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।