Accident: तकलेच में 30 मीटर नीचे खड्ड में गिरी कार, पिता की मौत; बेटा घायल
Accident: रामपुर की उपतहसील तकलेच में पुल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे खड्ड में गिर गई। वीरवार रात हुए इस हादसे में कार सवार 64 वर्षीय निका राम की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार चला रहे उनके 40 वर्षीय बेटे जगदीश चंद घायल हो गए। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तकलेच में उपचार दिया गया।
रामपुर/तकलेच
पुलिस के अनुसार कार संख्या एचपी 63सी-3943 को थेड़ा निवासी जगदीश चंद चला रहे थे। उनके साथ उनके पिता निका राम भी सवार थे। रात करीब 8:30 बजे तकलेच में पुल के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। दुर्घटना में निका राम को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जगदीश चंद को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत ठीक बताई गई।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और कार के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस थाना रामपुर के प्रभारी रमेश नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
