Accident / टापरी के पास सतलुज नदी में गिरी ऑल्टो कार, तीन लोगों की मौत; पुलिस ने शुरू की जांच
Accident / किन्नौर जिले के टापरी क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर पुराना टापरी के समीप चगांव नाले के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे सतलुज नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी कई घंटे बाद राहगीर की सूचना मिलने पर सामने आई, जिसके बाद पुलिस और बचाव दल ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
किन्नौर/टापरी
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब तीन बजे हुआ। ऑल्टो कार (एचपी-25ए-6113) सड़क से नीचे सतलुज नदी के तेज बहाव में जा गिरी। सुबह करीब 11:40 बजे एक राहगीर ने नदी में वाहन का बोनट और टायर देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना टापरी की पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची तथा रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
डेढ़ घंटे चला राहत एवं बचाव अभियान
एसडीएम भावानगर नेहा नेगी और डीएसपी राजकुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। बचाव दल ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सतलुज नदी के तेज बहाव से तीनों शव बाहर निकाले। मशीनरी की सहायता से शवों को सिविल अस्पताल भावानगर पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
तीनों मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान वाहन चालक एवं मालिक चंद्र कुमार (41), अमृत सिंह निवासी थैमगारंग, सांगला (किन्नौर) तथा पंकज कुमार (42) निवासी चच्योट, जिला मंडी के रूप में हुई है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तत्काल राहत राशि प्रदान की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।