Loading...

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में एआई आधारित अध्ययन पर विशेष व्याख्यान आयोजित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Aug 2026 • 1 Min Read

चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में अखिल भारतीय शिक्षण समागम के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई और सड़क सुरक्षा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित अध्ययन विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता, आधुनिक तकनीकों और नवाचार आधारित शिक्षा से परिचित कराना था।

ऊना/चौकीमन्यार

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा के संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच, कौशल विकास, तकनीकी दक्षता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से आधुनिक तकनीकों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपनाने तथा उनका जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया।

एआई के विभिन्न अनुप्रयोगों की दी जानकारी

मुख्य वक्ता प्रो. नवीन शर्मा ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मूल अवधारणा, शिक्षा के क्षेत्र में इसकी बढ़ती भूमिका तथा एआई आधारित विभिन्न डिजिटल टूल्स एवं अनुप्रयोगों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सीखने और पढ़ाने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ शोध, नवाचार, समस्या समाधान और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न एआई प्लेटफॉर्म के व्यावहारिक उपयोग से भी अवगत कराया।

विद्यार्थियों ने दिखाई उत्साहपूर्ण सहभागिता

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने एआई से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने सरल और व्यावहारिक ढंग से उत्तर दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), सड़क सुरक्षा क्लब, इको क्लब, रेड रिबन क्लब, रेड क्रॉस क्लब और खेलकूद क्लब के स्वयंसेवकों एवं सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर डॉ. रामकुमार नेगी, डॉ. सगुन डोगरा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक एवं नवाचार आधारित कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Topics: