Loading...

एम्स बिलासपुर में कैंसर रेडियोथैरेपी होगी अधिक सटीक, मिलेगा थर्मोप्लास्टिक मास्क

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

एम्स बिलासपुर में कैंसर मरीजों के लिए रेडियोथैरेपी की सुविधा बेहतर बनाने की दिशा में आधुनिक थर्मोप्लास्टिक मास्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। उपचार के दौरान ये मास्क मरीज के शरीर को निश्चित स्थिति में स्थिर रखने में मदद करेंगे। इससे कैंसर प्रभावित हिस्से पर विकिरण अधिक सटीक तरीके से केंद्रित किया जा सकेगा और मरीजों की बेहतर उपचार के लिए दूसरे बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम हो सकती है।

बिलासपुर

रेडियोथैरेपी के दौरान कैंसर प्रभावित हिस्से का विशेष किरणों से उपचार किया जाता है। इस प्रक्रिया में मरीज का शरीर एक ही स्थिति में रहना जरूरी होता है। विशेष रूप से सिर, गर्दन और मस्तिष्क के कैंसर के उपचार में मामूली हलचल भी विकिरण की दिशा को प्रभावित कर सकती है। थर्मोप्लास्टिक मास्क को गर्म करके मरीज के चेहरे या शरीर के संबंधित हिस्से के आकार में ढाला जाता है। ठंडा होने के बाद यह सख्त हो जाता है और उपचार के दौरान मरीज को हिलने से रोकने में सहायता करता है।

अलग-अलग अंगों के लिए होंगे विशेष मास्क

इस आधुनिक सुविधा का लाभ सिर, गर्दन और मस्तिष्क के कैंसर से जूझ रहे मरीजों के साथ स्तन, कूल्हे और पेल्विस क्षेत्र के कैंसर मरीजों को भी मिलेगा। शरीर के अलग-अलग अंगों के लिए विशेष डिजाइन वाले मास्क इस्तेमाल किए जाएंगे। मरीज के शरीर को निर्धारित स्थिति में रखने से रेडियोथैरेपी की प्रक्रिया को अधिक सटीक बनाने में मदद मिलेगी। एम्स में इस व्यवस्था के शुरू होने से कैंसर उपचार से जुड़ी मौजूदा सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

यात्रा और उपचार से जुड़े खर्च में मिल सकती है राहत

बेहतर उपचार के लिए दूसरे शहरों और राज्यों के अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होने से मरीजों तथा उनके परिजनों का यात्रा, रहने और खाने पर होने वाला खर्च बच सकता है। इससे बार-बार लंबी दूरी की यात्रा के कारण होने वाली शारीरिक परेशानी भी कम होगी। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इस सुविधा से राहत मिल सकती है। एम्स प्रबंधन के अनुसार आधुनिक व्यवस्था से हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को प्रदेश में ही बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।

Related Topics: •