Loading...

हमीरपुर के जवान अक्षय कुमार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, 6वीं डोगरा ने दी सलामी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हमीरपुर जिले के रूथवाणी गांव निवासी 26 वर्षीय सिपाही अक्षय कुमार का टाउन भराड़ी श्मशानघाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उत्तराखंड के जोशीमठ में तैनाती के दौरान हृदयाघात से उनका निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के समय भारतीय सेना की 6वीं डोगरा रेजिमेंट ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी।

हमीरपुर

सिपाही अक्षय कुमार की पार्थिव देह को उनके चचेरे भाई साहिल ठाकुर ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में मौजूद परिजनों, ग्रामीणों और अन्य लोगों ने नम आंखों से जवान को विदाई दी। अक्षय कुमार अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके असामयिक निधन से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार में अक्षय की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उनके निधन के बाद घर में मातम पसर गया है।

प्रदेश सरकार की ओर से अर्पित किया पुष्पचक्र

भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने प्रदेश सरकार की ओर से अक्षय कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जवान के पिता राजकुमार और डीएसपी हरीश गुलेरिया सहित अन्य लोगों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, तहसीलदार भोरंज डॉ. आशीष, नरेंद्र कुमार दर्जी, ब्लॉक समिति सदस्य मनोज कुमार और पंचायत प्रधान रवि कुमार सहित कई लोग अंतिम संस्कार में उपस्थित रहे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

दिसंबर 2020 में सेना में हुए थे भर्ती

अक्षय कुमार 16 दिसंबर 2020 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उत्तराखंड के जोशीमठ में सेवाएं दे रहे थे। वहीं हृदयाघात के कारण उनका असामयिक निधन हो गया। क्षेत्र के लोगों ने जवान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। सेना की टुकड़ी ने सैन्य परंपरा के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी।

Related Topics: •