Loading...

हरोली में आधुनिक सीबीएसई स्कूल भवन के लिए 12.50 करोड़ रुपये मंजूर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हरोली में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सीबीएसई स्कूल भवन के निर्माण के लिए 12.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भवन का डिजाइन और ड्राइंग तैयार कर ली गई है, जबकि स्कूल का खेल मैदान पहले ही बन चुका है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह जानकारी हरोली में 14 ग्राम पंचायतों को ई-रिक्शा सौंपने के दौरान दी।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सीबीएसई स्कूल भवन को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत विकास खंड की 14 ग्राम पंचायतों को दिए गए ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले चरण में उपलब्ध करवाए गए इन ई-रिक्शा के माध्यम से घर-घर जाकर कचरा एकत्रित किया जाएगा। आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ाने की भी योजना है, ताकि गांवों में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

स्वच्छ और हरित हरोली अभियान को मिलेगी गति

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ई-रिक्शा से हरोली को स्वच्छ और ग्रीन बनाने के अभियान को गति मिलेगी। क्षेत्र को स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के विभिन्न क्षेत्रों में हरोली ने अपनी अलग पहचान बनाई है और इसमें स्थानीय लोगों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। कचरा संग्रह की व्यवस्था मजबूत होने से ग्राम पंचायतों में सफाई अभियान को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

हरोली-दिल्ली वोल्वो बस सेवा भी शुरू

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने हरोली-दिल्ली वोल्वो बस सेवा का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नई बस सेवा से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। हरोली में इलेक्ट्रिक बस डिपो शुरू होने के बाद अधिकांश बसें इलेक्ट्रिक उपलब्ध करवाई गई हैं और उनका सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। उन्होंने हरित परिवहन को बढ़ावा देने की इस पहल को क्लीन हरोली और ग्रीन हरोली की परिकल्पना का हिस्सा बताया।

Related Topics: •