अजय सोलंकी का भाजपा पर तीखा हमला, कहा—विपक्ष धर्म निभाने का दिखावा कर रहा, हकीकत में पूरी तरह फेल
Himachalnow / नाहन
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने जनसभा के दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए विपक्ष को जिम्मेदारी निभाने में विफल बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल बयानबाजी कर रही है और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने भाजपा पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष केवल धर्म निभाने का दिखावा कर रहा है, जबकि हकीकत में वह पूरी तरह से अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने वाली बयानबाजी अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली।मंडलांहा गांव में पहली बार बस सेवा शुरू होने के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सोलंकी ने कहा कि भाजपा के नेता आज जिस अंदाज में बयान दे रहे हैं, वह केवल राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के नाम पर जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए, लेकिन जमीन पर कुछ भी नजर नहीं आया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के दावे केवल कागजों और मंचों तक सीमित रहे। हकीकत यह है कि उन फैसलों का खामियाजा आज भी प्रदेश की जनता भुगत रही है। कांग्रेस सरकार को अब उन बिगड़ी व्यवस्थाओं को सुधारने में अपनी ऊर्जा लगानी पड़ रही है, जिन्हें पूर्व सरकार ने नजरअंदाज किया।सोलंकी ने कहा कि भाजपा के नेता पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दें, उसके बाद ही दूसरों पर उंगली उठाएं। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी से विकास नहीं होता, इसके लिए नीयत और मेहनत दोनों जरूरी होती है, जो कांग्रेस सरकार कर रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुख्खू के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता और विकास की नई मिसाल कायम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के चलते ही जमीनी स्तर पर काम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और जनता को उसका सीधा लाभ मिल रहा है।उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में सड़कों के निर्माण में ऐतिहासिक काम किया है। जिन सड़कों के लिए लोग 30-40 साल से इंतजार कर रहे थे, आज उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है।सोलंकी ने कहा कि वह अनावश्यक आलोचना के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन जब बार-बार भ्रामक बयान दिए जाते हैं तो सच्चाई सामने लाना जरूरी हो जाता है। उन्होंने दो टूक कहा कि अब जनता सब समझ चुकी है और आने वाले समय में जवाब भी देगी।