Loading...

बस स्टैंड बना ‘पब्लिक तमाशा’: कैमरे ऑन होते ही महिलाओं का बढ़ा जोश, कंडक्टर पर बरसे जूते-चप्पल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 15 Apr 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / बिलासपुर

घुमारवीं बस स्टैंड पर दो महिलाओं द्वारा बस कंडक्टर के साथ सरेआम मारपीट की घटना सामने आई, जिसका वीडियो वायरल हो गया। घटना के दौरान कंडक्टर हाथ जोड़कर अपनी गलती पूछता रहा, लेकिन भीड़ केवल वीडियो बनाती रही। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर

बिलासपुर जिला के घुमारवीं बस स्टैंड पर दिनदहाड़े उस समय सनसनी फैल गई, जब दो महिलाओं ने एक अधेड़ बस कंडक्टर को सरेआम जूते-चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और पूरा मामला मोबाइल कैमरों में कैद होता रहा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही आसपास लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हुई और मोबाइल कैमरे ऑन हुए, महिलाओं का आक्रामक रवैया और तेज होता गया। बताया जा रहा है कि महिला बार-बार कैमरे की ओर देख रही थी और भीड़ बढ़ने के साथ उसका जोश भी बढ़ता गया। वहीं, अधेड़ कंडक्टर बार-बार हाथ जोड़कर अपनी गलती पूछता रहा और माफी मांगता नजर आया, लेकिन महिलाओं ने एक नहीं सुनी और लगातार मारपीट करती रहीं।

पीड़ित की पहचान जोगिंदर सिंह निवासी गांव सुमाड़ी, तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है, जो हुसैन बस सर्विस में परिचालक के पद पर कार्यरत है। जोगिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वंदना कुमारी और उसकी भाभी ने उसे बस स्टैंड पर रोककर गाली-गलौच की, कपड़े फाड़े और मारपीट की। इस दौरान उसके गले की सोने की चेन भी गायब हो गई।घटना के दौरान सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि भीड़ में मौजूद किसी भी व्यक्ति ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।लोग केवल वीडियो बनाते रहे, जबकि कंडक्टर बार-बार अपनी सफाई देता रहा और रहम की गुहार लगाता रहा।

अब यह पूरा मामला पुलिस जांच का विषय बन गया है कि महिलाओं की यह हरकत किसी गलतफहमी का परिणाम थी, किसी निजी रंजिश का मामला है या फिर कंडक्टर द्वारा कुछ ऐसा कहा गया जिससे विवाद भड़का। हालांकि, वायरल वीडियो को देखकर प्रथम दृष्टया यही प्रतीत हो रहा है कि भीड़ और कैमरों के बीच महिलाएं आक्रामकता की हद तक पहुंच गईं।सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना घुमारवीं में दोनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Topics: