Loading...

पेट्रोल, प्यार और मौत का जंगल… आरोपी को लेकर क्राइम सीन पर पहुंची पुलिस

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ट्यूशन टीचर अमनदीप कौर हत्याकांड की जांच के तहत हरियाणा पुलिस आरोपी को लेकर धौलाकुआं क्षेत्र स्थित घटनास्थल पर पहुंची, जहां जंगल में पूरे क्राइम सीन को दोबारा रीक्रिएट किया गया। पुलिस हत्या से लेकर शव को जलाने की कोशिश तक की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज व पूछताछ के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।

नाहन/धौलाकुआं/बराड़ा

ट्यूशन टीचर अमनदीप कौर हत्याकांड की जांच शुक्रवार को उस वक्त और सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गई, जब हरियाणा पुलिस आरोपी संदीप कुमार को लेकर सिरमौर के धौलाकुआं क्षेत्र स्थित घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने जंगल में उस जगह पूरे क्राइम सीन को रीक्रिएट करवाया, जहां युवती के शव को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई थी।चार दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी को लेकर बराड़ा पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम सुबह धौलाकुआं क्षेत्र पहुंची। इस दौरान पुलिस ने आरोपी से घटनास्थल पर वारदात की पूरी कड़ी दोबारा समझी। जांच टीम यह जानने में जुटी है कि हत्या के बाद शव को किस रास्ते से हिमाचल लाया गया, पेट्रोल कहां से खरीदा गया और शव को जलाने की साजिश किस योजना के तहत रची गई।

डीएसपी सुरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस हत्या से लेकर शव ठिकाने लगाने तक की पूरी “क्राइम चेन” की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले की हर परत को खंगाला जा रहा है।जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका अमनदीप कौर पढ़ी-लिखी और संपन्न परिवार से संबंध रखती थी। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी और परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रही थी। उसका भाई विदेश में रहकर परिवार की आर्थिक सहायता करता है। पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी संदीप कुमार का मृतका से पैसों का लेन-देन भी था। आरोपी बैटरी का काम करता है और शादीशुदा है।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों के बीच संबंध कब और कैसे शुरू हुए और आखिर ऐसा क्या हुआ कि आरोपी ने हत्या कर शव को दूसरे राज्य में ले जाकर जलाने जैसा खौफनाक कदम उठाया।गौरतलब है कि धौलाकुआं क्षेत्र में नेशनल हाईवे के समीप जंगल में अधजला शव मिलने के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया था। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।डीएसपी सुरेश शर्मा ने बताया कि आरोपी से रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह और पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।

Related Topics: