उप मंडल अम्ब में एटीएम बदलकर महिला से ₹40 हजार की ठगी दो शातिरों ने पिन देखकर मिनटों में खाते से उड़ाए पैसे, CCTV खंगाल रही पुलिस
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
उप मंडल अम्ब में एटीएम बदलकर महिला से ₹40 हजार की ठगी दो शातिरों ने पिन देखकर मिनटों में खाते से उड़ाए पैसे, CCTV खंगाल रही पुलिसहिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर महिला से 40 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है।
ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब क्षेत्र में एटीएम ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आदर्श नगर निवासी एक महिला अम्ब-ऊना रोड स्थित एटीएम से पैसे निकालने पहुंची थी। इसी दौरान दो युवक भी बूथ के अंदर आए और अपनी बारी का इंतजार करने का नाटक करने लगे।बताया जा रहा है कि महिला जब एटीएम मशीन से नकदी निकाल रही थी, तभी पीछे खड़े आरोपियों ने चालाकी से उसका गुप्त पिन नंबर देख लिया। इसके बाद दोनों ने महिला को बातों में उलझाकर पलक झपकते ही उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। महिला को इस धोखाधड़ी की भनक तक नहीं लगी।
कार्ड हाथ लगते ही आरोपी करीब 200 मीटर दूर दूसरे बैंक के एटीएम में पहुंचे और खाते से 40 हजार रुपए निकाल लिए। हालांकि बैंक की दैनिक निकासी सीमा पूरी होने के कारण खाते में बची बाकी रकम सुरक्षित बच गई।महिला को पहली 10 हजार रुपए की ट्रांजैक्शन का मैसेज मोबाइल पर मिलते ही ठगी का एहसास हुआ। वह तुरंत बैंक की ओर भागी, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।एटीएम से पैसे निकालते समय किसी अजनबी की मदद न लें और अपना पिन नंबर पूरी तरह गोपनीय रखें।