हिमाचल को मिली कोलकाता तक सीधी रेल कनेक्टिविटी, अंब-इंदौरा से रवाना हुई ट्रेन
अंब-इंदौरा रेलवे स्टेशन से कोलकाता तक सीधी रेल सेवा शुरू होने के साथ हिमाचल प्रदेश को एक महत्वपूर्ण रेल कनेक्टिविटी की सौगात मिली है। सांसद अनुराग ठाकुर ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि इससे ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा।
ऊना/अंब
हिमाचल प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी को एक और बड़ी सौगात देते हुए अंब-इंदौरा रेलवे स्टेशन से कोलकाता के लिए ट्रेन सेवा का विस्तार कर दिया गया। शनिवार सुबह पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने अंब-इंदौरा रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि अंब-इंदौरा से कोलकाता तक सीधी रेल सुविधा शुरू होने से न केवल ऊना बल्कि कांगड़ा, हमीरपुर और आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की यह मांग थी, जिसे केंद्र सरकार ने पूरा किया है।
उन्होंने कहा कि इस ट्रेन से व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा युवाओं और सेना के जवानों को सबसे अधिक सुविधा मिलेगी। पूर्वी भारत से हिमाचल का संपर्क और मजबूत होगा तथा पर्यटन और व्यापार को भी नई गति मिलेगी।अनुराग ठाकुर ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में हिमाचल प्रदेश में रेलवे, सड़क और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य देश के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर यातायात सुविधाओं से जोड़ना है और हिमाचल भी इसका बड़ा लाभार्थी बन रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अनुराग ठाकुर ने अंब-इंदौरा रेलवे स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और सुविधाओं के विस्तार का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।वहीं राजनीतिक मुद्दे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष नीरज भारती द्वारा अपनी ही सरकार पर उठाए गए सवालों को लेकर अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष सरकार से सवाल पूछता था तो कांग्रेस उसे राजनीतिक बयानबाजी बताकर खारिज कर देती थी, लेकिन अब उनकी अपनी पार्टी के नेता ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब मुख्यमंत्री सुक्खू को जनता और अपनी पार्टी के नेताओं के सवालों का जवाब देना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और सरकार जन अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पा रही है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस सरकार सवालों से बच नहीं सकती।कार्यक्रम में ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती, चिंतपूर्णी के पूर्व विधायक बलवीर चौधरी, गगरेट के पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।