यूथ पार्लियामेंट में अनमोल शर्मा ने जीता जिला स्तर का खिताब, तीन प्रतिभागी राज्य प्रतियोगिता के लिए चयनित
विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट-2026 की ऊना जिला स्तरीय प्रतियोगिता में राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना के छात्र अनमोल शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया। छवि शर्मा दूसरे और एसवीएसडी कॉलेज भटोली की छात्रा नंदिनी ठाकुर तीसरे स्थान पर रहीं। ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में स्थान हासिल करने वाले तीनों प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से मेरा युवा भारत ऊना के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने भाग लिया। प्रत्येक प्रतिभागी को निर्धारित विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. लिली ठाकुर, डॉ. विपुल शर्मा, राजन शर्मा, प्रोफेसर प्रीति शर्मा और यूथ अवार्डी जसवीर ठाकुर शामिल रहे।
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान
कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित मुख्य अतिथि और एसवीएसडी कॉलेज भटोली के प्राचार्य डॉ. अरविंद शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आवास पंडित ने युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने सोशल मीडिया का सीमित और सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि ऐसे मंच युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करते हैं।
शिमला में प्रस्तावित है राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता शिमला में प्रस्तावित है। इस प्रतियोगिता से तीन प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 9 से 12 जनवरी, 2027 तक दिल्ली में आयोजित होगी। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के विषयों की जानकारी प्रतिभागियों को पहले ही उपलब्ध कराई जाएगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने भी सहयोग दिया।