अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला 2026: कलाकारों के ऑडिशन 4 से 6 नवंबर तक, लाइव ऑर्केस्ट्रा पर होगा चयन
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला 2026 की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों के ऑडिशन 4 से 6 नवंबर तक राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर के सभागार में होंगे। चयन प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। गायन के प्रतिभागियों को लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ प्रस्तुति देनी होगी।
शिमला/रामपुर बुशहर
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कलाकारों के ऑडिशन के आयोजन को लेकर कमेटी की अधिसूचना जारी कर दी है। जिला भाषा अधिकारी शिमला सरोजना नरवाल की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय कमेटी ऑडिशन लेकर चयन प्रक्रिया पूरी करेगी। अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
ये ऑडिशन विशेष रूप से उन इच्छुक कलाकारों के लिए आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका अब तक कोई गाना या म्यूजिक एल्बम रिलीज नहीं हुआ है, लेकिन वे गायन या नृत्य में प्रतिभा रखते हैं। प्रतिभागियों को ऑडिशन में वही गाना या प्रस्तुति देनी होगी, जिसे वे मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुत करना चाहते हैं। चयन के बाद प्रस्तुति बदलने पर मंच पर कार्यक्रम देने की अनुमति नहीं मिलेगी।
नृत्य प्रस्तुतियों के लिए निर्धारित समय
सोलो डांस के लिए दो से पांच मिनट और ग्रुप डांस के लिए पांच से आठ मिनट की समय सीमा निर्धारित की गई है। गायन के ऑडिशन के लिए साउंड सिस्टम और ऑर्केस्ट्रा की व्यवस्था आयोजन स्थल पर रहेगी। सोलो और ग्रुप डांस के प्रतिभागियों को अपने गानों की उच्च गुणवत्ता वाली रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव या मोबाइल फोन में साथ लानी होगी।
ऑडिशन में शामिल होने से पहले प्रत्येक प्रतिभागी को निर्धारित परफॉर्मा भरना होगा। इसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर, पूर्व अनुभव और अन्य जरूरी जानकारी देनी होगी। उपायुक्त के अनुसार चयन प्रक्रिया का उद्देश्य स्थानीय एवं उभरते कलाकारों को मंच उपलब्ध करवाना है, जिनकी प्रतिभा के बावजूद अभी तक कोई गाना या एल्बम जारी नहीं हुआ है।
स्थापित कलाकार पांच नवंबर तक भेज सकेंगे आवेदन
प्रदेश के नामी कलाकारों और पहले से गाने या वीडियो एल्बम जारी कर चुके कलाकारों का चयन मेला कमेटी को प्राप्त आवेदन पत्रों के आधार पर किया जाएगा। ऐसे कलाकार पांच नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक sdmrampurbushahr@gmail.com पर आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन के साथ अपने वीडियो एल्बम, गानों और प्रस्तुतियों के लिंक साझा करना अनिवार्य किया गया है।