अंश, आर्यन और शिवाश का राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन
शहीद कमलकांत स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास के तीन होनहार खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत आयोजित राज्यस्तरीय अंडर -14 हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए सिरमौर की टीम में स्थान बनाया है। अब ये तीनों खिलाड़ी मंडी में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता जोकि 9 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 में सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
नाहन/कोटड़ी व्यास
कोटड़ी व्यास के तीन सितारे मंडी में चमकाएंगे सिरमौर का नाम
राज्यस्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों में अंश पुत्र हेमराज, कोटड़ी; आर्यन पुत्र हेमराज, निचली कोटड़ी तथा शिवाश पुत्र सोमनाथ, उपली कोटड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और अपने उत्कृष्ट खेल के दम पर राज्यस्तरीय टीम में जगह बनाई।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों के लिए कोविड मॉडल स्कूल, नाहन में 5 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक प्रशिक्षण व कोचिंग शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में खिलाड़ी हैंडबॉल खेल की तकनीक, रणनीति और खेल की बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर के बाद खिलाड़ी मंडी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल), मंडी में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सिरमौर की टीम की ओर से अपना दमखम दिखाएंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान मान सिंह तथा सुमन, राजकुमार, मुल्क राज, हेमराज, मेहर सिंह, मलका देवी, सुरेंद्र कुमार एवं पवन कुमार सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और कोच को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।
वहीं युवा स्पोर्ट्स क्लब व्यास के सभी प्रतिनिधियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों व बी डी सदस्य राजेश चौधरी व अन्य खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के कोच धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले इन खिलाड़ियों का राज्यस्तर तक पहुंचना पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी मंडी में भी शानदार प्रदर्शन कर सिरमौर और कोटड़ी व्यास का नाम रोशन करेंगे