Loading...

HPBOSE की स्कूलों को अंतिम मोहलत, 15 अक्तूबर तक शुल्क न चुकाया तो नहीं मिलेगा परीक्षा केंद्र

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 53 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2026 की परीक्षाओं से संबंधित बकाया शॉर्ट कैंडिडेट शुल्क जमा करने के लिए स्कूलों और संस्थानों को अंतिम अवसर दिया है। संबंधित विद्यालयों को 15 अक्तूबर 2026 तक ऑनलाइन भुगतान करना होगा। तय अवधि में शुल्क जमा नहीं करने वाले विद्यालयों को मार्च 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।

धर्मशाला

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि जिन विद्यालयों ने मार्च 2026 की परीक्षाओं से संबंधित निर्धारित शॉर्ट कैंडिडेट शुल्क अब तक जमा नहीं करवाया है, वे तय समय के भीतर भुगतान प्रक्रिया पूरी करें। स्कूलों को अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने और समय रहते बकाया राशि जमा करवाने की सलाह दी गई है, ताकि मार्च 2027 की परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्र की व्यवस्था प्रभावित न हो।

स्कूल लॉगिन पर उपलब्ध है भुगतान की सुविधा

बोर्ड ने बकाया शुल्क जमा करने के लिए ऑनलाइन सुविधा संबंधित विद्यालयों की स्कूल लॉगिन आईडी पर उपलब्ध करवाई है। विद्यालय अपने लॉगिन के माध्यम से देय शुल्क का पूरा विवरण देख सकते हैं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भुगतान कर सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि शॉर्ट कैंडिडेट शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किया जाएगा। किसी अन्य माध्यम से किया गया भुगतान मान्य नहीं होगा।

HPBOSE ने संबंधित स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे जल्द अपनी स्कूल लॉगिन आईडी की जांच करें। यदि शॉर्ट कैंडिडेट शुल्क बकाया है तो उसे 15 अक्तूबर 2026 तक ऑनलाइन जमा करवाया जाए। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं होने पर संबंधित विद्यालय को मार्च 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र के रूप में बनाए नहीं रखा जाएगा।

Related Topics: •