Loading...

MIS में सेब अब 13 रुपये किलो खरीदा जाएगा, एक दिसंबर से बढ़ेगा दूध का समर्थन मूल्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 43 Mins Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बागवानों और पशुपालकों के लिए दो घोषणाएं की हैं। मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सेब का खरीद मूल्य 12 रुपये से बढ़ाकर 13 रुपये प्रति किलो कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने एक दिसंबर से दूध के समर्थन मूल्य में भी बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। हालांकि, दूध के समर्थन मूल्य में कितनी वृद्धि होगी, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

शिमला/रोहड़ू

चिड़गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इसी दिशा में मंडी मध्यस्थता योजना के अंतर्गत खरीदे जाने वाले सेब के मूल्य में एक रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई है। अब योजना के तहत सेब 13 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा।

दूध के समर्थन मूल्य में भी होगी वृद्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दिसंबर से दूध के समर्थन मूल्य में भी बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में दूध के दाम में बहुत कम वृद्धि होती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने इसके समर्थन मूल्य में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समर्थन मूल्य में और वृद्धि होने से पशुपालकों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

यूनिवर्सल कार्टन और प्राकृतिक खेती पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेब उत्पादकों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में यूनिवर्सल कार्टन व्यवस्था लागू की गई है। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों को भी समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य किसानों, बागवानों और पशुपालकों को बेहतर मूल्य उपलब्ध कराना तथा प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।