Loading...

Arrest / सोशल मीडिया पर ग्राहक ढूंढ पड़ोसी की दुधारू गाय 15 हजार में बेची, छह हजार बरामद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 56 Mins Ago • 1 Min Read

Arrest / कांगड़ा जिले के गंदड़ गांव में पड़ोसी की दुधारू गाय चुराकर सोशल मीडिया के जरिये ग्राहक तलाशने और उसे 15 हजार रुपये में बेचने का मामला सामने आया है। आलमपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से वारदात का खुलासा करते हुए स्थानीय निवासी राज ऋषि उर्फ रिशू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गाय बेचने के बाद मिली रकम में से छह हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस शेष नौ हजार रुपये की बरामदगी और आरोपी की पिछली गतिविधियों की जांच कर रही है।

कांगड़ा/आलमपुर

पुलिस के अनुसार, गंदड़ गांव निवासी अमित शर्मा ने 25 सितंबर को अपनी दुधारू गाय घर के पास स्थित खेत में चरने के लिए बांधी थी। शाम को जब वह खेत में पहुंचे तो गाय वहां नहीं मिली। परिवार ने आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। करीब दो दिन तक अपने स्तर पर खोजबीन करने के बाद भी गाय का पता नहीं चलने पर अमित शर्मा ने 27 सितंबर को आलमपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस स्थानीय निवासी राज ऋषि उर्फ रिशू तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि गाय को सोशल मीडिया के माध्यम से सौदा तय कर 15 हजार रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने बिक्री की रकम में से छह हजार रुपये बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष राशि का पता लगाया जा रहा है।

Related Topics: •