Loading...

Arrest: ऊना में 78 ग्राम सोना चोरी मामले का आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 45 Mins Ago • 1 Min Read

Arrest: ऊना पुलिस ने आभूषण बनाने वाली दुकान से करीब 78 ग्राम सोने का डोबा चोरी होने के मामले में आरोपी शेख मैदुल मोंडल को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुए सोने में से करीब 30 ग्राम सोना बरामद किया है। शेष चोरीशुदा माल की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को सदर थाना ऊना के तहत सोने के आभूषण बनाने वाली एक दुकान के मालिक ने करीब 78 ग्राम सोने का डोबा चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों की सहायता से जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान मुख्य आरोपी की पहचान शेख मैदुल मोंडल पुत्र मोजम मोंडल, निवासी नोलेपारा, डाकघर कृष्णारामपुर, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई।

आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस ऊना की विशेष टीम पश्चिम बंगाल भेजी गई थी। टीम ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से 13 अगस्त को आरोपी शेख मैदुल मोंडल को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि पूछताछ और आगामी जांच के आधार पर आरोपी के कब्जे अथवा निशानदेही से करीब 30 ग्राम चोरीशुदा सोना बरामद किया गया है। पुलिस अब शेष चोरीशुदा सोने की बरामदगी के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Related Topics: