Loading...

Crime / फूड लाइसेंस की आड़ में नशीली दवाओं के निर्माण मामले की जांच का दायरा बढ़ा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime : बद्दी में नशीली दवाओं की बरामदगी से जुड़े मामले में राज्य दवा नियंत्रण प्राधिकरण और पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। जांच एजेंसियां अब कच्चे माल की खरीद, सप्लाई नेटवर्क, लाइसेंस दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।

बीबीएन

फूड लाइसेंस के तहत संचालित हो रही थी इकाई

बद्दी के सालासर कॉम्प्लेक्स में नशीली दवाओं की बरामदगी के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित कंपनी के पास केवल फूड प्रोडक्ट निर्माण का लाइसेंस था, जबकि उसी परिसर में कथित तौर पर नशीली दवाओं समेत अन्य दवाओं का निर्माण किया जा रहा था। मामले में पुलिस और राज्य दवा नियंत्रण प्राधिकरण विभिन्न दस्तावेजों और गतिविधियों की जांच कर रहे हैं।

संयुक्त कार्रवाई में बरामद हुई थीं गोलियां

गौरतलब है कि गत 8 मई को पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बद्दी स्थित सालासर कॉम्प्लेक्स में छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान करीब 2 लाख 23 हजार 84 नशीली गोलियां बरामद की गई थीं। इस मामले में उत्तर प्रदेश निवासी शिव पूजन प्रजापति और कानपुर निवासी अनुराग शुक्ला को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों को पहले ही अदालत द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

कंपनी संचालक न्यायिक हिरासत में भेजा गया

पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में एक ऐसी कंपनी का खुलासा हुआ, जो कथित तौर पर फूड लाइसेंस की आड़ में संचालित हो रही थी। इसके आधार पर पुलिस ने कानपुर निवासी कंपनी संचालक अंकित को गिरफ्तार किया। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कच्चे माल और सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

जांच एजेंसियां अब कंपनी के खरीद रिकॉर्ड, रॉ मटेरियल सप्लायर, मशीनरी, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। राज्य दवा नियंत्रक मनीष कपूर ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण में इस्तेमाल किया गया कच्चा माल कहां से मंगवाया गया। वहीं एएसपी अशोक वर्मा ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की पुष्टि की है।

Related Topics: