बिलासपुर में बॉक्सिंग चयन परीक्षण 5 और 6 नवंबर को, 12 से 18 वर्ष के लड़के होंगे पात्र
भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर में आवासीय योजना के तहत लड़कों के लिए बॉक्सिंग चयन परीक्षण 5 और 6 नवंबर को आयोजित किए जाएंगे। इसमें 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे, जबकि 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित प्रशिक्षुओं को प्राधिकरण के निर्धारित नियमों के अनुसार विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
बिलासपुर
साई प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी विजय प्रकाश नेगी ने बताया कि चयन परीक्षण में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को जन्मतिथि प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, खेल उपलब्धियों से संबंधित प्रमाणपत्र और हाल ही में खिंचवाए गए पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। पात्र एवं इच्छुक लड़के निर्धारित तिथियों पर साई प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
चयनित प्रशिक्षुओं को मिलेंगी सुविधाएं
आवासीय योजना में चयनित प्रशिक्षुओं को रहने और भोजन की सुविधा, शिक्षा शुल्क में सहायता, चिकित्सा सुविधाएं, प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर, बीमा और खेल किट सहित अन्य सुविधाएं साई के नियमों के अनुसार दी जाएंगी। चयन प्रक्रिया में सफल अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से सूचना दी जाएगी। चयन परीक्षण में भाग लेने के लिए आने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता नहीं मिलेगा।