बघाट बैंक की बड़ी कार्रवाई, डिफाल्टर की 33 बिस्वा जमीन नीलाम कर साढ़े 12 लाख रुपये की वसूली
बघाट बैंक ने ऋण न चुकाने वाले डिफाल्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक डिफाल्टर की करीब 33 बिस्वा भूमि की नीलामी कर लगभग 12.50 लाख रुपये की वसूली की है। यह कार्रवाई एआरसीएस अदालत के आदेशों के बाद की गई। बैंक का कहना है कि ऋण वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा और डिफाल्टरों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सोलन
जानकारी के अनुसार संबंधित डिफाल्टर लंबे समय से बैंक का ऋण नहीं चुका रहा था। मामला एआरसीएस अदालत में विचाराधीन था। अदालत ने ऋण अदायगी न होने पर भूमि को अटैच कर उसकी नीलामी के आदेश जारी किए। आदेशों के अनुपालन में बैंक ने नीलामी की प्रक्रिया पूरी कर लगभग साढ़े 12 लाख रुपये की राशि की रिकवरी की। बैंक का कहना है कि बकाया ऋण की वसूली के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
115 डिफाल्टरों के खिलाफ वारंट, 20 की हो चुकी गिरफ्तारी
बैंक के फंसे हुए ऋण की वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। एआरसीएस अदालत ने 115 ऋण डिफाल्टरों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। बैंक प्रबंधन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अब तक 20 डिफाल्टरों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे करीब 45 लाख रुपये की वसूली की गई है।
30 दिन में कार्रवाई पूरी करने की चुनौती
अदालत की ओर से जारी गिरफ्तारी वारंट की वैधता 30 दिन निर्धारित की गई है। ऐसे में शेष डिफाल्टरों के खिलाफ इसी अवधि में कार्रवाई पूरी करनी होगी। एआरसीएस गिरीश नड्डा ने कहा कि बैंक का पैसा वापस न करने वाले डिफाल्टरों के खिलाफ भूमि नीलामी और गिरफ्तारी जैसी कानूनी कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।