राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में नशा मुक्ति रैली, स्वयंसेवकों ने दिया ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ का संदेश
इसी कड़ी में सोमवार को एनएसएस इकाई एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) सप्ताह का शुभारंभ सामाजिक जागरूकता एवं जनसेवा के संदेश के साथ हुआ। महाविद्यालय में 21 से 27 सितंबर 2026 तक एनएसएस सप्ताह मनाया जा रहा है। सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, सेवा भावना, स्वच्छता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

रैली में एनएसएस स्वयंसेवकों एवं रेड रिबन क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर स्वयंसेवकों ने नशे के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशे को ना, जिंदगी को हां” तथा “नशामुक्त युवा, सशक्त समाज” जैसे नारों से क्षेत्रवासियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्य प्रो० कविता कौशल ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से स्वयं भी दूर रहना चाहिए तथा अपने साथियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से ही समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सार्थक कदम उठाए जा सकते हैं।
उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों एवं रेड रिबन क्लब के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। रैली में प्रो० कविता कौशल, डॉ० रामकुमार नेगी, प्रो० नवीन शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, कार्यालय स्टाफ, एनएसएस स्वयंसेवक एवं रेड रिबन क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को नशे से मुक्त बनाने और स्वस्थ एवं सशक्त युवा पीढ़ी के निर्माण का संदेश दिया।