तीसा में विद्यार्थियों से बोले सुक्खू, भविष्य के फैसले निडर होकर लें; बैरागढ़ स्कूल को लैब-कमरों के लिए 3 करोड़
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विद्यार्थियों की मांग पर बैरागढ़ स्कूल में लैब और अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये देने की घोषणा की। तीसा के पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद के दौरान उन्होंने युवाओं को मेहनत, आत्मविश्वास और निडरता के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
चम्बा/तीसा
मेहनत और आत्मविश्वास से आगे बढ़ने की सीख
12वीं कक्षा की छात्रा तमन्ना ने मुख्यमंत्री से भविष्य और लक्ष्य हासिल करने के बारे में सवाल किया। जवाब में सुक्खू ने विद्यार्थियों को जीवन के फैसले निडर होकर लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चुनौतियां हर मोड़ पर आएंगी, लेकिन मेहनत, आत्मविश्वास और सही समय पर लिया गया फैसला आगे बढ़ने में मदद करता है।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से कहा कि वे शिक्षा, खेल, राजनीति सहित किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने से न डरें। सरकार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यार्थियों ने शिक्षा, नशे और मुख्यमंत्री की दिनचर्या पर पूछे सवाल
संवाद के दौरान चौथी कक्षा की अपेक्षा भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से उनका पसंदीदा विषय पूछा। 12वीं कक्षा के प्रज्वलन ने तीसा स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करने के लिए उनका आभार जताया। छात्रा मोनिका ने नशे की रोकथाम के लिए सरकार के प्रयासों की जानकारी ली, जबकि मुस्कान ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा सुविधाओं पर बात की। छात्रा जीवनी ने मुख्यमंत्री की दिनचर्या के बारे में पूछा।
बैरागढ़ स्कूल में लैब और कमरों के लिए 3 करोड़
विद्यार्थियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने बैरागढ़ स्कूल में प्रयोगशाला और अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य घनश्याम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और स्कूल की गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विधायक नीरज नैय्यर, प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट, कांग्रेस महासचिव यशवंत खन्ना और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।