आखिर टूटा इंतजार: बनोग-धार क्यारी-कांशी वाला सड़क निर्माण शुरू, बोगरियां सड़क का भी शिलान्यास
Himachalnow / नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी और बहुप्रतीक्षित बनोग-धार क्यारी-कांशी वाला वैकल्पिक बाईपास सड़क आखिरकार निर्माण के चरण में पहुंच गई है। विधायक अजय सोलंकी ने मंगलवार को विधिवत भूमि पूजन कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी गौशाला-बोगरियां सड़क का निर्माण 81 लाख 84 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी और बहुप्रतीक्षित बनोग-धार क्यारी-कांशी वाला वैकल्पिक बाईपास सड़क आखिरकार निर्माण के चरण में पहुंच गई है। विधायक अजय सोलंकी ने मंगलवार को विधिवत भूमि पूजन कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया। साथ ही गौशाला नाहन से बोगरियां तक बनने वाली सड़क का भी शिलान्यास कर क्षेत्र को दोहरी विकास सौगात दी।करीब 9 किलोमीटर लंबी इस वैकल्पिक बाईपास सड़क पर 12 करोड़ 36 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह सड़क लंबे समय से आर्मी-सिविलियन विवाद के कारण अटकी हुई थी और नाहन की प्रमुख राजनीतिक बहस का केंद्र बनी रही।इस सड़क के बनने से एनएच-907ए और एनएच-07 के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी, जिससे नाहन शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी गौशाला-बोगरियां सड़क का निर्माण 81 लाख 84 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। पूर्व प्रधान बाबूराम, अनिल ठाकुर, सड़क सुरक्षा क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर सहित अनेक लोगों ने विधायक का आभार जताते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया।इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि यह केवल शिलान्यास और भूमि पूजन नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित विकास कार्यों को हकीकत में बदलने की शुरुआत है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश में विकास को नई गति दे रही है और नाहन को उसका सीधा लाभ मिल रहा है।
राजनीतिक तेवर दिखाते हुए सोलंकी ने भाजपा और पूर्व सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस सड़क को वर्षों तक केवल राजनीति का मुद्दा बनाकर रखा गया, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ।उन्होंने बिना नाम लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब प्रदेश में डबल इंजन की सरकार थी, तब भी यह सड़क फाइलों से बाहर नहीं निकल सकी।सोलंकी ने कहा कि यदि समय रहते इस सड़क को विकसित किया जाता, तो आज यह सड़क सिंगल लेन के बजाय डबल लेन बन चुकी होती। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति का उद्देश्य श्रेय लेना नहीं, बल्कि विकास को जमीन पर उतारना है।
उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है और नाहन विधानसभा क्षेत्र के हर गांव तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।इस मौके पर भजन सैनी, जितेंद्र, रामनिवास, आदेश, मनोज, परमजीत सैनी, दीपिका सैनी, मनजीत, कमलेश, राजकुमार चौहान सहित नाहन कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ज्ञान चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रूपेंद्र ठाकुर, गुरदयाल पंवार, संजय चौहान, सुमित कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।विभाग की ओर से लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एके शर्मा, अधिशासी अभियंता आलोक जवनेजा, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग मुकेश सिंह तथा प्रशासन की ओर से एसडीएम नाहन राजीव संख्यान भी उपस्थित रहे।