Loading...

बरमाणा कार्यशाला में मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर बोले जयराम ठाकुर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Sep 2026 • 1 Min Read

बिलासपुर के बरमाणा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यशाला में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर चर्चा की। उन्होंने सेवा, सुशासन, विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं, बुनियादी ढांचे और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों से जुड़े विभिन्न आंकड़े कार्यकर्ताओं के सामने रखे।

बिलासपुर/बरमाणा

जयराम ठाकुर ने कहा कि बीते 12 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और भारत ‘फ्रैजाइल फाइव’ से निकलकर दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना है। उनके अनुसार, इस अवधि में रक्षा उत्पादन करीब चार गुना, खादी एवं ग्रामोद्योग पांच गुना, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सात गुना, आधुनिक रेलवे कोच उत्पादन 21 गुना और मोबाइल फोन उत्पादन 35 गुना बढ़ा है। इंटरनेट उपयोगकर्ताओं और पेटेंट की संख्या करीब चार गुना हुई, जबकि डिजिटल लेन-देन में 100 गुना वृद्धि दर्ज की गई।

जनसुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर चर्चा

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हर घर नल से जल पहुंचाने की गति पहले की तुलना में 15 गुना, गैस कनेक्शन देने की गति छह गुना, गरीबों के लिए शौचालय बनाने की गति चार गुना और आवास उपलब्ध कराने की गति तीन गुना हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हजारों अनुपालनों और सैकड़ों पुराने कानूनों को समाप्त कर शासन को सरल बनाने का प्रयास किया। इसके साथ ही मेट्रो नेटवर्क, सार्वजनिक परिवहन और आधुनिक बुनियादी ढांचे का विस्तार किया गया है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास का केंद्र आम नागरिक के जीवन को आसान बनाने, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने को बनाया है। उन्होंने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से बैंकिंग, रसोई गैस, स्वास्थ्य सुरक्षा और आवास की सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उनके मुताबिक, डिजिटल इंडिया ने सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान की, जबकि सड़क, रेल और हवाई संपर्क बढ़ने से रोजगार तथा अवसरों के नए रास्ते खुले हैं।

उन्होंने कहा कि भारत धरती से अंतरिक्ष और गांवों से वैश्विक मंच तक अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दे रहा है। जयराम ठाकुर ने ‘विकसित भारत’ को 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प बताया। कार्यशाला में प्रदेश बिलासपुर प्रभारी रश्मिधर सूद, जिला अध्यक्ष किशन चंदेल, नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा, झंडूता के विधायक जेआर कटवाल, बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जामवाल, जिला परिषद अध्यक्ष लेखराम, पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Topics: