Loading...

बीबीएमबी एरियर से हिमाचल को करीब 3,000 करोड़ रुपये मिलने की संभावना: मुख्यमंत्री

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Hours Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बीबीएमबी एरियर सहित प्रदेश के अधिकारों से जुड़े मामलों में सरकार के प्रयासों के परिणामस्वरूप हिमाचल के खजाने में आने वाले समय में लगभग 3,000 करोड़ रुपये आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बीबीएमबी एरियर का मामला 15 वर्षों से लंबित था और इसे किशाऊ बांध समझौते से जोड़कर निर्णायक दिशा दी गई। धर्मशाला पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए विजय रैली निकाली।

धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाग लेने धर्मशाला पहुंचे मुख्यमंत्री का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक चौक पर पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और संगीत के साथ स्वागत किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने केसीसी बैंक चौक से उपायुक्त कार्यालय चौक तक विजय रैली निकाली। इस दौरान नारेबाजी और आतिशबाजी भी की गई। कार्यकर्ताओं ने हिमाचल के हितों से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए बीबीएमबी एरियर मामले की उपलब्धि का जश्न मनाया।

किशाऊ बांध समझौते से जोड़ा गया एरियर का मामला

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बीबीएमबी से संबंधित एरियर का मामला पिछले 15 वर्षों से लंबित था। उनके अनुसार, यदि इस विषय को किशाऊ बांध समझौते से नहीं जोड़ा जाता तो यह अगले 20 वर्षों तक भी लंबित रह सकता था। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार के साथ बातचीत के दौरान स्पष्ट शर्त रखी गई थी कि हिमाचल के हितों की सुरक्षा, आवश्यक सहमति और संबंधित शपथ पत्र पर हस्ताक्षर होने तक किशाऊ बांध समझौते को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 75 लाख लोगों के हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने हिमाचल के अधिकारों और संसाधनों की रक्षा के लिए अब तक चार बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। संभावित रूप से मिलने वाली करीब 3,000 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने, शिक्षा के बुनियादी ढांचे में सुधार, बेहतर सड़कों और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास में किया जा सकेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Topics: •