भलाड़-भलौना स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ
भलाड़-भलौना स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ 21 स्वयंसेवी ले रहे हिस्सा, बागवानी की आधुनिक तकनीकों से रूबरू हुए विद्यार्थी
संगड़ाह। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलाड़-भलौना में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन उद्यान विभाग के सेवानिवृत्त उपनिदेशक उजागर सिंह तोमर ने किया। शिविर में विद्यालय के 21 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं और इसका समापन 24 सितंबर को होगा। शिविर के पहले दिन आयोजित शैक्षणिक सत्र में उजागर सिंह तोमर ने विद्यार्थियों को बागवानी क्षेत्र में अपनाई जा रही नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक बागवानी तकनीकों, बेहतर उत्पादन तथा वैज्ञानिक तरीके से फसलों की देखभाल से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्वयंसेवियों को ग्रामीण क्षेत्रों में बागवानी की संभावनाओं और बदलती तकनीक के साथ कृषि क्षेत्र में आ रहे बदलावों से भी अवगत करवाया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ज्ञान चंद ने बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवियों को सामाजिक सेवा, अनुशासन, स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यों में शामिल किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।