भारतीय किसान संघ / टकारला में जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, 8 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य
भारतीय किसान संघ / भारतीय किसान संघ जिला ऊना की जिला कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को गांव टकारला में जिला अध्यक्ष सुरेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही सदस्यता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाकर संगठन को मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया।
ऊना/टकारला/वीरेंद्र बन्याल
बैठक में सर्वसम्मति से जिला ऊना में सदस्यता अभियान के तहत 8 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक खंड और कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को संगठन से जोड़ा जा सके।
महिला किसान सम्मेलन पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान दिल्ली में आयोजित होने वाले महिला किसान सम्मेलन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। संगठन ने निर्णय लिया कि जिले से अधिक से अधिक महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर महिला किसानों से संपर्क स्थापित करने और उन्हें सम्मेलन से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सदस्यता अभियान के लिए सौंपी गई जिम्मेदारियां
सदस्यता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जोगिंद्र देव आर्य को बंगाणा खंड का प्रभारी तथा सुनील कुमार को हरोली खंड का प्रभारी नियुक्त किया गया। वहीं जिला स्तर पर अभियान के संचालन की जिम्मेदारी सुरेश कुमार शर्मा और विशाल पाठक को सौंपी गई।
किसानों के बीच पहुंचने का आह्वान
जिला अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने कहा कि भारतीय किसान संघ किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव स्तर पर किसानों के बीच पहुंचकर संगठन की नीतियों और उद्देश्यों का प्रचार-प्रसार करने तथा सदस्यता अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।