मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का जनसंपर्क अभियान तेज
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया है। योग दिवस, काला दिवस और ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी बूथ स्तर तक पहुंच बनाएगी। बैठक में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
शिमला
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने जनसंपर्क अभियान को और तेज कर दिया है। भाजपा जिला शिमला की मासिक बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई, जिसमें योग दिवस से लेकर आपातकाल की बरसी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ तक को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।चक्कर स्थित दीपकमल कार्यालय में आयोजित बैठक में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी सुरेश चंदेल विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों और केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सुरेश चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि “मोदी है तो मुमकिन है” केवल एक राजनीतिक नारा नहीं बल्कि देश में आए व्यापक परिवर्तन की वास्तविक तस्वीर है।उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने, करोड़ों परिवारों को पक्के मकान देने तथा जनधन योजना के माध्यम से गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का कार्य किया है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
सुरेश चंदेल ने बताया कि भाजपा आगामी दिनों में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करेगी। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पंचायत स्तर तक मनाया जाएगा। 25 जून को आपातकाल की बरसी को “काला दिवस” के रूप में मनाकर लोकतंत्र पर हुए हमले को याद किया जाएगा। वहीं 28 जून को बूथ स्तर पर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनेंगे। इसके अलावा स्वच्छता अभियान, पौधारोपण अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ता मिलन और जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।बैठक के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने बालूगंज क्षेत्र में घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया। प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने घरों तक पहुंचकर केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक ले जाने का प्रयास किया गया।
बैठक में कुसुम सदरेट, नितिन कुमार, केशव चौहान, सुरेश भारद्वाज, संजय सूद, रवि मेहता, कमलजीत सूद, गणेश दत्त, रमा ठाकुर, कर्ण नंदा, शिवानी, अक्षय भरमौरी, प्यार सिंह कंवर, प्रमोद ठाकुर, प्रेम ठाकुर, विजय परमार, निखिल ठाकुर, राजीव पंडित, योग राज सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
