कांग्रेस पार्टी ने कर्मचारियों,पैंशनर्ज व जनता से की वादाखिलाफी कांग्रेस सरकार को घेरा:-भाजपा सेवानिवृत्ति प्रकोष्ठ
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
भाजपा सेवानिवृत्ति प्रकोष्ठ ने ऊना में कांग्रेस सरकार पर कर्मचारियों, पैंशनर्ज और आम जनता से वादाखिलाफी करने के आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और सरकार केवल श्रेय लेने की राजनीति कर रही है। उन्होंने महंगाई, अधूरे विकास कार्यों और पैंशनर्ज के लंबित मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा।
ऊना
प्रदेश कांग्रेस सरकार ने तीन साल के कार्यकाल में कर्मचारियों,पैंशनर्ज व आम जनता के साथ वादाखिलाफी की है। यह बात भाजपा सेवानिवृत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एचएस गुलेरिया, संयोजक राजीव वशिष्ट, पूर्व कर्मचारी नेता यशपाल रायजादा, प्रकाश ठाकुर, कुलदीप दयाल, किशन चंद, अजय पराशर, शिव मैहन ने कहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह से प्रभावित है। लेकिन कांग्रेस सरकार अपने चहेतों के विकास में लगी हुई है। युवा बेरोजगार होकर सडक़ों पर घूम रहा है। महिलाओं को 15 सौ रुपए देने का वायदा किया था, लेकिन आज दिन तक एक भी महिला के खाते में पैसे नहीं आए।
सेवानिवृत कर्मचारियों को उनके हक नहीं दिए जा रहे हैं। पैंशनर्ज को अपने वित्तीय लाभ लेने के लिए सडक़ों पर उतरकर संघर्ष करना पड़ रहा है। पैंशनर्ज के लंबे समय से मैडिकल बिल फंसे हुए है, इसे देने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए। 1 जनवरी-2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत हुए पैंशनर्ज को रिवाइज्ड पे स्केल, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, लीव इन कैशमेंट का लाभ नहीं दिया गया।कर्मचारी नेताओं ने कहा कि दो साल पहले रामपुर पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे आज दिन तक नहीं बनाया गया। जबकि पूर्व भाजपा सरकार के समय विधायक सतपाल सत्ती के नेतृत्व में ऊना विधानसभा क्षेत्र में 2000 करोड़ से अधिक के विकास कार्य करवाए गए थे।
लेकिन कांग्रेस सरकार भाजपा के कार्यकाल में हुए विकास कार्यो को श्रेय लेने में लगी हुई है। कांग्रेस सरकार के पिछले तीन साल में विकास के नाम पर एक भी ईंट तक नहीं लगी। कांग्रेस नेता विकास करवाने में पूरी तरह से नाकाम रहे। उन्होंने कहा कि पुरानी योजनाओं के नाम बदलकर कांग्रेस सरकार अपनी वाहवाही करने में लगी हुई है। हरोली में बन रहे बल्क ड्रग पार्क भाजपा सरकार में स्वीकृत हुआ था, लेकिन कांग्रेस इसका भी श्रेय लेने की जुगत है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस का असली चेहरा जान चुकी है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि महंगाई का राग अलापने वाली कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर जनता पर महंगाई थोपने का काम किया है।
बिजली-पानी के दाम बढ़ा दिए। कांग्रेस व विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए महिला आरक्षण बिल का विरोध किया है। इससे कांग्रेस व विपक्षी दलों का चेहरा बेनकाब हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आने वाले पंचायत व नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को जवाब देगी।