Loading...

Bus Stand Nahan / ठाकुर गुमान सिंह बस अड्डा नाहन का होगा सौंदर्यकरण

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 23 Jan 2025 • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

ड्राइवरों और यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

Bus Stand Nahan : मुसाफिरों को मंजिल तक पहुंचाने वाली एचआरटीसी (हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) भले ही सरकार की विशेष ध्यान की प्रतीक्षा करती हो, मगर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए निगम कर्मचारी हमेशा तत्पर रहते हैं। इसी क्रम में, जिला सिरमौर के मुख्यालय स्थित ठाकुर गुमान सिंह बस अड्डा का जल्द ही सौंदर्यकरण शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही, मुख्य कैंटीन में यात्रियों को सस्ता और हाइजीनिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

बस अड्डे का मुख्य पार्क और सौंदर्यकरण

अड्डा इंचार्ज मोहम्मद नासिर ने बताया कि बस अड्डे में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा वाले मुख्य पार्क को सुंदर बनाने के लिए वहां बेंच और फूलों की विभिन्न प्रजातियां लगाई जाएंगी। लंबे समय से बंद पड़े रेस्ट हाउस को भी जल्द ही सुचारु किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि रेस्ट हाउस के चार कमरों में से दो को कच्चा टैंक पुलिस चौकी को सौंप दिया गया है। बाकी के दो कमरों को लग्जरी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

ड्राइवरों के लिए आरामदायक रेस्ट रूम

ड्राइवरों के लिए बनाए गए रेस्ट रूम को और अधिक आरामदायक बनाने के लिए एयर कंडीशनर और गर्म पानी के लिए गीजर की सुविधा देने की योजना है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे जल्द ही लागू किया जाएगा।

सिरमौर व्यंजन और कैंटीन की नई सुविधाएं

अड्डा इंचार्ज ने बताया कि एचआरटीसी एम्पलाइज यूनियन के साथ विचार-विमर्श के बाद बस अड्डे की मुख्य कैंटीन में सिरमौर के पारंपरिक व्यंजनों को शामिल करने का मसौदा तैयार किया जा रहा है। यात्रियों को सस्ता, स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराने की पूरी तैयारी है।

बस अड्डे का नाम और नई सुविधाएं

ठाकुर गुमान सिंह के नाम पर बस अड्डे का नामकरण किया गया है। इसके तहत मुख्य बिल्डिंग पर एक बड़ा होर्डिंग लगाने की योजना है। साथ ही, जिला सिरमौर पथ परिवहन निगम द्वारा सभी रूटों पर नियमित बस सेवाएं दी जा रही हैं। इसे और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए अतिरिक्त बसों की मांग भी की जाएगी।