हादसा / आईआईटी प्रशिक्षुओं को मंडी ला रही चलती टैक्सी में भड़की आग, सातों सवार सुरक्षित
हादसा / आईआईटी कमांद से मंडी शहर की ओर आ रही टैक्सी में बुधवार को कटिंडी के पास अचानक आग लग गई। वाहन में मौजूद चालक और छह प्रशिक्षुओं ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैक्सी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
मंडी/मंडी
जानकारी के अनुसार, मंडी शहर की पैलेस कॉलोनी निवासी अंकित की टैक्सी को उसका भाई राहुल चला रहा था। इस वाहन को आईआईटी प्रबंधन की ओर से हायर किया गया था। बुधवार को चालक छह प्रशिक्षुओं को लेकर आईआईटी कमांद से मंडी की तरफ आ रहा था। शाम करीब सवा चार बजे कटिंडी से लगभग एक किलोमीटर दूर चलती टैक्सी में अचानक आग भड़क गई। आग लगते ही चालक और सभी प्रशिक्षु किसी तरह वाहन से बाहर निकल गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। दमकल जवानों ने पानी की बौछार कर टैक्सी में लगी आग बुझाई, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन को बचाया नहीं जा सका। अग्निशमन केंद्र मंडी के फायरमैन प्रदीप कुमार ने बताया कि टैक्सी पूरी तरह जलकर राख हो गई है। हादसे में चालक और टैक्सी में सवार सभी छह प्रशिक्षु सुरक्षित बच गए।