करियर अकादमी नाहन में नशा मुक्ति जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित
नाहन के करियर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान 2026” के तहत जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई।

नाहन
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की नाहन शाखा से आईं ब्रह्माकुमारी बहनों ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न रूपों और उनके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने साथियों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और अन्य लोगों को भी नशा छोड़ने तथा स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने ब्रह्माकुमारी बहनों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और नशे जैसी सामाजिक बुराई से स्वयं को बचाना प्रत्येक विद्यार्थी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान की सराहना की। विद्यालय के चेयरमैन एसएस राठी ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण और नैतिक मूल्यों का आधार भी है।
निदेशक मनोज राठी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे सहपाठियों के दबाव में आने के बजाय सही और गलत के बीच चुनाव करना सीखें। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य और नैतिक मूल्यों को जीवन में भटकाव से बचने के लिए महत्वपूर्ण बताया। विद्यालय के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और समाज में नशामुक्त भारत के संदेश को मजबूत करना था। विद्यालय परिवार ने इस जागरूकता अभियान के लिए ब्रह्माकुमारी संस्था की नाहन शाखा का आभार जताया।
