Category: ACCIDENT

दुर्घटना

  • सामान लेकर जा रहे ट्रक में भड़की आग, भारी नुक्सान

    सामान लेकर जा रहे ट्रक में भड़की आग, भारी नुक्सान

    HNN/ मंडी

    राष्ट्रीय उच्च मार्ग-21 चंडीगढ़-मनाली पर सुंदरनगर के पुंघ में आज सुबह कन्फेक्शनरी का सामान लेकर जा रहा ट्रक आग की भेंट चढ़ गया। हालांकि अभी तक ट्रक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी जिन्होंने आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ट्रक में आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक गुरुवार सुबह कन्फेक्शनरी का सामान लेकर सलापड़ से मंडी की ओर जा रहा था।

    इसी दौरान पुंघ के समीप पहुंचा तो ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक से धुआं उठता देख चालक भी अपनी जान बचा कर नीचे उतर गया और अग्निशमन विभाग को इस बाबत सूचित किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया परंतु तब तक ट्रक के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था जबकि कैबिन सहित ट्रक का एक हिस्सा बुरी तरह से जल चुका है। मामले की पुष्टि डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने की है।

  • सड़क क्रॉस कर रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, दर्दनाक मौत

    सड़क क्रॉस कर रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, दर्दनाक मौत

    HNN/ ऊना

    जिला ऊना के उपमंडल अंब के कुनेरन में पेश आए एक दर्दनाक सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई है। इस दौरान तेज रफ्तार बाइक ने सड़क क्रॉस कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से व्यक्ति मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया परंतु व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

    मिली जानकारी के अनुसार, पूर्ण चंद दवाई लेने के लिए मेडिकल स्टोर गया हुआ था। इसी दौरान जैसे ही वह सड़क को क्रॉस करने लगा तो मुबारकपुर की तरफ से आई तेज रफ्तार बाइक ने व्यक्ति को टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बाइक की टक्कर से व्यक्ति बुरी तरह से घायल हुआ जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया परंतु व्यक्ति ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

    उधर, एसएचओ अंब आशीष पठानिया ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात बाइक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि मामले में कुनेरन निवासी संजीव कुमार पुत्र रत्न चंद ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

  • बिजली की हाई वोल्टेज तारों में भड़की आग, कुछ घरों के जले विद्युत उपकरण

    बिजली की हाई वोल्टेज तारों में भड़की आग, कुछ घरों के जले विद्युत उपकरण

    HNN / मंडी

    जिला मंडी के जोगिंद्रनगर में वोल्टेज बढ़ने से अचानक तारों में आग लग गई और कुछ घरों के विद्युत उपकरण जल गए। इतना ही नहीं अचानक से तारों में भड़की आग से लोग भी सहम गए और तुरंत घरों से बाहर निकल आए। इसके बाद विद्युत बोर्ड को इसकी सूचना दी गई।

    विद्युत बोर्ड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और उन्होंने बिजली के तारों को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल की। बता दें कि बिजली की वोल्टेज अचानक से बढ़ गई थी, जिसके चलते तारों में शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। ऐसे में 5 घरों के विद्युत उपकरण भी जल गए। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ।

  • दो मंजिला मकान चढ़ा आग की भेंट, करोड़ों का नुक्सान

    दो मंजिला मकान चढ़ा आग की भेंट, करोड़ों का नुक्सान

    मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जताया दुख, बोले...

    HNN / शिमला

    हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रोहडू तहसील में बीते कल हुए भीषण अग्निकांड में पीड़ित परिवार को करोड़ों का नुक्सान हुआ है। इस अग्निकांड पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की है।

    दरअसल, घटना देर रात की बताई जा रही है। यहां लोअर कोटी निवासी राजेंद्र सिंह ठाकुर के दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। वही आग लगने की सूचना दमकल विभाग को भी दी गई।

    विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर तो पहुंच गई थी लेकिन सड़क ना होने के चलते उन्हें गांव तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस अग्निकांड से पीड़ित परिवार को करोड़ों का नुक्सान हुआ है।

  • तेज रफ्तार वाहन ने कुचला राहगीर, मौके पर मौत

    तेज रफ्तार वाहन ने कुचला राहगीर, मौके पर मौत

    HNN / मंडी

    जिला मंडी के उपमंडल करसोग में एक दर्दनाक हादसा पेश आया। यहां एक तेज रफ्तार वाहन ने व्यक्ति को बुरी तरह गाड़ी से कुचल डाला, जिसके चलते व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 44 वर्षीय भोला दत्त पुत्र इंद्र शरण निवासी मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार भोला दत्त बगड़ा की तरफ से अपने घर की तरफ एक अन्य ग्रामीण के साथ आ रहा था। इसी दौरान भोला दत्त दुकान में कुछ समान भूल गया और वापिस जाने लगा। इस दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार गाड़ी ने भोला को कुचल दिया। जब इस घटना की खबर आसपास लोगो को पता चली, तुरंत मौके पर पहुंचे और देखा कि व्यक्ति खून में लथपथ सड़क किनारे गिरा हुआ था।

    टायर के निशान व्यक्ति के हाथ व शरीर पर लगे हुए थे ,लेकिन वहां कोई गाडी उस दौरान मौजूद नही थी। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और धारा 304 ए के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    उधर, डीएसपी करसोग गीतांजलि ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। तेज रफ्तार गाड़ी का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।

  • बीड़ बिलिंग में उड़ान भरने के बाद 34 वर्षीय नेवी पायलट की मौत

    बीड़ बिलिंग में उड़ान भरने के बाद 34 वर्षीय नेवी पायलट की मौत

    HNN / काँगड़ा

    विश्व विख्यात बीड़ बिलिंग घाटी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया। यहां उड़ान भरने के दौरान नेवी में कार्यरत 34 वर्षीय केरला निवासी व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिविन देव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक उक्त पायलट ने मंगलवार‌ को‌ दोपहर के समय करीब‌ 2 बजे के बाद बिलिंग के टेक ऑफ‌ प्वाइंट से उड़ान भरी।

    इस‌ दौरान‌ उक्त पायलट काफी ऊंचाई तक पहुंच गया, जहां‌ पायलट का‌ ग्लाइडर स्पेन होने के बाद क्लैप्स हो गया। पायलट‌ अनियंत्रित होकर टेक ऑफ‌ प्वाइंट के समीप गिर गया। जिसके चलते वह गंभीर घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल पायलट को मिलिट्री अस्पताल पालमपुर ले जाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

  • Shyam Saran Negi: भारत के प्रथम मतदाता के घर पहुंचे सीएम, परिवार का बंधाया ढांढस

    Shyam Saran Negi: भारत के प्रथम मतदाता के घर पहुंचे सीएम, परिवार का बंधाया ढांढस

    HNN/ किन्नौर

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज आजाद भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी के किन्नौर स्थित उनके घर पहुंचे। यहाँ पर उन्होंने नेगी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की। बता दें, 5 नवम्बर को स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता श्याम सरण नेगी का निधन हो गया था।

    106 वर्षीय श्याम सरण नेगी ने जिला किन्नौर के कल्पा में अंतिम सांस ली थी। इसी के चलते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज देश के पहले मतदाता के निधन के बाद उनके घर पहुंचे। उन्‍होंने नेगी के परिवार के सदस्‍यों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। सीएम ने कहा, श्याम सरण नेगी की कमी हमेशा खलेगी।

  • गौशाला में लगी आज, पीड़ित परिवार को लाखो का नुक्सान

    गौशाला में लगी आज, पीड़ित परिवार को लाखो का नुक्सान

    HNN / हमीरपुर

    जिला हमीरपुर के नादौन में देर रात एक गौशाला आग की भेंट चढ़ गई। इस अग्निकांड से पीड़ित परिवार को लाखों का नुक्सान हुआ है। जानकारी के अनुसार यह गौशाला सरोज कुमारी पत्नी प्रदीप कुमार की है। उन्होंने बताया कि गौशाला में तूड़ी, घास व अन्य सामान रखा हुआ था। अचानक देर रात गौशाला से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी।

    इसके चलते पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग पानी की बाल्टियां भरकर आग को बुझाने लगे। लेकिन आग इतनी ज्यादा भड़क चुकी थी कि अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। गनीमत यह रही कि उस वक्त अंदर कोई मवेशी नहीं बंधा था।

    वही, पीड़ित परिवार को इस अग्निकांड से एक लाख का नुक्सान हुआ है। उधर, तहसीलदार नादौन अपूर्व शर्मा ने बताया कि हलका पटवारी को नुक्सान का जायजा लेकर शीघ्र रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए हैं।

  • खेतों में काम कर रहे व्यक्ति पर रंगड़ों ने किया हमला, दर्दनाक मौत

    खेतों में काम कर रहे व्यक्ति पर रंगड़ों ने किया हमला, दर्दनाक मौत

    HNN/ शिमला

    शिमला के सुन्नी में खेतों में काम कर रहे व्यक्ति पर रंगड़ों ने हमला कर दिया। रंगड़ों के हमले में व्यक्ति बुरी तरह से घायल हुआ जिसे परिजनों द्वारा उपचार के लिए अस्पताल भी पहुंचाया गया परंतु व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

    जानकारी अनुसार, सुन्नी निवासी हेतराम अपने खेतों में ही झाड़ियों की सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक रंगड़ों ने उन पर हमला कर दिया। व्यक्ति के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे किसी तरह रंगड़ों के हमले से छुड़ाया गया। इसके बाद परिजन व्यक्ति को सीएचसी जलोग लेकर पहुंचे जहां पर चिकित्सकों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।

  • सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में गिरी कार, युवक की मौत

    सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में गिरी कार, युवक की मौत

    HNN/ मंडी

    मंडी जिले के बीएसएल पुलिस थाना की निहरी पुलिस चौकी के तहत पंडार क्षेत्र में सोमवार तड़के एक कार हादसे का शिकार हो गई। इस दौरान गाड़ी सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में गिर गई जिसमें सवार 5 लोग बुरी तरह से घायल हो गए इनमें से एक युवक की मौत हुई जबकि 4 अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार नंबर (TN-22 HP 6506) में सवार होकर 5 लोग बिजली महादेव कुल्लू से वापिस लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही गाडी निहरी पुलिस चौकी के अंतर्गत पंडार क्षेत्र में पहुँची तो चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

    पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया तथा सभी घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने 29 वर्षीय गुणानंद पुत्र नेक चंद निवासी गांव मनोला डाकघर चुराग, तहसील करसोग जिला मंडी को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा मनोज कुमार को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया है। हादसे की पुष्टि डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने की है।