Category: Dharamshala

  • पिकनिक मनाने गए परिवार के साथ पेश आया दर्दनाक हादसा, एक की मौत

    पिकनिक मनाने गए परिवार के साथ पेश आया दर्दनाक हादसा, एक की मौत

    HNN / धर्मशाला

    जिला मुख्यालय के तहत आती ग्राम पंचायत कोट में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक जीप के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि उसमें सवार चार अन्य लोग जख्मी हुए हैं। मृतक की पहचान 58 वर्षीय बलदेव सिंह निवासी श्याम नगर के रूप में हुई है।

    जानकारी के अनुसार बलदेव सिंह अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाने गांव टिल्लू गया हुआ था। यहां अचानक उनकी जीप अनियंत्रित होकर डंगे के पास पलट गई। हादसे के वक्त गाड़ी में 5 लोग सवार थे। जिनमें से एक की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।

    घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

  • अस्पताल के भवन की नींव खोदते समय मलबे में दबा मजदूर, टांडा रैफर

    अस्पताल के भवन की नींव खोदते समय मलबे में दबा मजदूर, टांडा रैफर

    HNN / धर्मशाला

    जिला के सिविल अस्पताल डाडासीबा के नए भवन का कार्य इन दिनों बड़ी जोरों शोरों से चला हुआ है। मजदूर दिन-रात कड़ी मेहनत कर अस्पताल के नए भवन को तैयार करने में जुटे हुए हैं। लेकिन शनिवार को यहां एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया।

    यहां नींव खोदते समय अचानक एक मजदूर मलबे के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर की पहचान 34 वर्षीय जसील अहमद ग्राम तिलमानी बरेली यूपी के रूप में हुई है। वही साथ काम कर रहे अन्य मजदूर भी बाल-बाल बच गए। दरअसल, काफी दिनों से 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल डाडासीबा के नए भवन का निर्माण चला हुआ है।

    शनिवार शाम को नींव खोदते समय ऊपर से मलबा अचानक नीचे गिर गया। उस समय मजदूर जसील नीचे गड्ढे में काम कार रहा था और वह उसमे दब गया। इसके बाद वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों ने उसे मलबे से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल ले आये। इसके बाद मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज टांडा रैफर कर दिया।

    उधर, कार्यवाहक बीएमओ डॉक्टर पंकज कौडल ने बताया कि मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद रैफर कर दिया गया है। डाडासीबा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

  • हिमाचल की 14वीं विधानसभा का पहला शीतकालीन सत्र इतने दिसंबर से होगा शुरू, अधिसूचना जारी

    हिमाचल की 14वीं विधानसभा का पहला शीतकालीन सत्र इतने दिसंबर से होगा शुरू, अधिसूचना जारी

    HNN / धर्मशाला

    हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का पहला शीतकालीन सत्र 22 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है जो 24 दिसंबर तक चलेगा। शीतकालीन सत्र के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। परिसर की साफ-सफाई की जा रही है। गेटों, दीवारों और डंगों पर रंग-रोगन किया जा रहा है। परिसर में उगी झाड़ियों की छंटाई की जा रही है। वही , 14वीं विधानसभा के पहले शीतकालीन सत्र को लेकर आज राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने अधिसूचना जारी कर दी है।

    जानकारी के अनुसार इस बार शीतकालीन सत्र में कई बदलाव देखने को मिलेंगे। तीन दिन के इस सत्र के दौरान पहले दिन 22 दिसंबर को 11 बजे सत्र शुरू होगा और प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार सभी सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। 23 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव होगा और राज्यपाल का अभिभाषण होगा।

    शनिवार 24 दिसंबर को शोकोद्गार के अलावा शासकीय कार्य निपटाए जाएंगे और राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश होगा। इस सत्र के बाद कैबिनेट का गठन होना है। हालांकि, अभी यह तय नहीं किया गया है कि उपमुख्यमंत्री शीतकालीन सत्र के दौरान कहां बैठेंगे। लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि उप मुख्यमंत्री के लिए विधानसभा परिसर में कमरा नंबर 201 चिह्नित किया गया है।

  • धर्मशाला कॉलेज में मृदा संरक्षण को लेकर छात्रों को किया जागरूक

    धर्मशाला कॉलेज में मृदा संरक्षण को लेकर छात्रों को किया जागरूक

    HNN/ धर्मशाला

    राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में विश्व मृदा संरक्षण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 5 दिसम्बर को मृदा संरक्षण दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि मिट्टी पृथ्वी पर एक महत्वपूर्ण संसाधन है जो प्रत्यक्ष रूप से वनस्पतियों के उपज के लिए सहायक है। उन्होंने कहा कि मिट्टी धरती पर मानव जीवन तथा पशुओं को भी अप्रत्यक्ष रूप से संवर्धन में सहायता करती है व मिट्टी जीवन के लिए अमूल्य है।

    कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजना ने कहा कि मनुष्यों की गलत गतिविधियों की वजह से मृदा नष्ट और दूषित हो रही है। उन्होंने कहा कि इसका असर केवल धरती पर ही नहीं बल्कि सभी तरह के जीव-जंतु, पेड़-पौधे और मानव जाति पर दिखाई पड़ रहा है। जिस कारण से मृदा का संरक्षण करना बहुत जरूरी है। डॉ. अंजना ने बताया कि विद्यार्थियों में मृदा संरक्षण के प्रति जागरूकता हेतु पोस्टर बनाना, नारा लेखन इत्यादि गतिविधियां करवाई गई, जिसमें 46 विद्यार्थियों ने भाग लिया। नारा लेखन प्रतियोगिता में बी.एस.सी तृतीय वर्ष की गोरी प्रथम, मानसी द्वितीय तथा अदिती ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

    इसके अलावा पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बी.एस.सी तृतीय वर्ष की हिमानी ने झटका तथा महक द्वितीय व तृतीय वंशिका रही। इसके अलावा प्रतियोगिता में सांत्वना पुरस्कार दीक्षा व दिवांशी को दिया गया। कार्यक्रम में जज का कार्य प्रो. ज्योति द्वारा किया गया। उन्होने कहा कि मृदा अपरदन अथवा भूमि कटाव भारत की गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मृदा संरक्षण हेतु जैविक उपाय व अभियांत्रिक उपाय को महत्व देने की आवश्यकता है।

  • टी-20 सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा, हिमाचल की रेणुका और हरलीन का चयन

    टी-20 सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा, हिमाचल की रेणुका और हरलीन का चयन

    HNN / धर्मशाला

    हिमाचल वासियों के लिए यह गर्व की बात है कि टी-20 सीरीज में इस बार हिमाचल की रेणुका और हरलीन को टीम इंडिया में स्थान मिला है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 9 नवंबर को खेला जाएगा। इस बार तेज गेंदबाजी की कमान रेणुका ठाकुर पर निर्भर करेगी। इसके इलावा हरलीन भी सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चमक सकती है।

    गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से दोनों खिलाड़ी भारत के लिए लगातार खेल रही हैं और अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित कर रही है। राष्ट्रमंडल खेलों में रेणुका सिंह ठाकुर ने सबसे अधिक 11 विकेट हासिल किए थे। इसमें उन्होंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में चार अहम विकेट चटकाए थे। ऐसे में रेणुका इस सीरीज में भारत के लिए अहम कड़ी साबित हो सकती हैं। अभी रेणुका नेशनल क्रिकेट अकादमी बंगलूरू में अभ्यास कर रही हैं। वह जल्द ही मुंबई में टीम के साथ जुड़ जाएंगी।

  • हर्षिता राजपूत होंगी हिमाचल की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की कप्तान

    हर्षिता राजपूत होंगी हिमाचल की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की कप्तान

    इतने दिसंबर को दिल्ली के साथ होगा पहला मुकाबला

    HNN / धर्मशाला

    महिला वर्ग की अंडर-19 राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हर्षिता राजपूत को हिमाचल प्रदेश की कप्तानी सौंपी गई है। वही , देवांशी वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 15 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है। टीम में वंशिका ठाकुर, अंशिका ठाकुर, रितिका ठाकुर, साक्षी ठाकुर,अनाहिता सिंह, खुशी चौहान, मनीषा रावत, कृतिका कंवर, ईमानी रानी, अंशिता संदल, तविशवाला, तनवी मेहरा और ईशानी दास को जगह दी है।

    वरुण शर्मा को टीम का कोच और मनीष गुप्ता को सहायक कोच नियुक्त किया गया है। टीम का पहला मुकाबला केरल के त्रिवेंद्रम में सात दिसंबर को दिल्ली के साथ खेला जाएगा। वही , दूसरा मुकाबला 8 दिंसबर को उत्तराखंड के साथ, तीसरा 10 दिसंबर को राजस्थान के साथ, 12 दिसंबर को नागालैंड और 14 दिसंबर को हिमाचल का मुकाबला असम के साथ होगा।

  • एडीएम ने धर्मशाला में जांची स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था

    एडीएम ने धर्मशाला में जांची स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था

    HNN/ धर्मशाला

    अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) रोहित राठौर ने धर्मशाला में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम धर्मशाला शिल्पी बेक्टा भी इस दौरान उनके साथ रहीं।

    रोहित राठौर ने बताया कि विधान सभा चुनावों के बाद जिले में मतदान के बाद ईवीएम को कड़े पहरे में संबंधित उपमंडल मुख्यालय पर बनाए स्ट्रांग रुम में रखा गया है। सभी स्ट्रांग रूम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था से लैस हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था स्थापित कर 24 घंटे ईवीएम की निगरानी की जा रही है।

  • Viral Fever: वायरल फीवर की चपेट में आए लोग, इलाज के लिए अस्पताल में पहुंच रहे

    Viral Fever: वायरल फीवर की चपेट में आए लोग, इलाज के लिए अस्पताल में पहुंच रहे

    HNN/ धर्मशाला

    मौसम में बदलाव के चलते इन दिनों लोग वायरल फीवर और सर्दी-जुकाम की चपेट में आ रहे हैं। क्षेत्रीय चिकित्सालय धर्मशाला में रोजाना सर्दी-खांसी वाले मरीज पहुंच रहे हैं जहाँ प्रतिदिन मरीजों की लाइनें लग रही हैं। अस्पताल में उपचार करवाने आने वालों में अधिक मरीज सर्दी-जुकाम और खांसी के हैं, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। बच्चों में भी सर्दी-खांसी के लक्षण पाए जा रहे हैं।

    बता दें, इन दिनों सुबह-शाम व रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है व दिन में तापमान बढ़ जा रहा है। ऐसे में कोल्ड व ड्राई मौसम रहने से वायरल फीवर की जकड में लोग आ रहे है। क्षेत्रीय चिकित्सालय धर्मशाला वरिष्ठ उपचिकित्सा अधीक्षक डा. अजय दत्ता ने बताया, इन दिनों लोग गले के संक्रमण और वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुबह-शाम के समय ज्यादा ठंड पड़ रही है जिसके चलते लोगों को स्वास्थ्य की ओर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।

  • हिमाचल घूमने का सुनहरा मौका: एचपीटीडीसी के होटलों में ठहरने पर पर्यटकों को मिलेगी छूट

    हिमाचल घूमने का सुनहरा मौका: एचपीटीडीसी के होटलों में ठहरने पर पर्यटकों को मिलेगी छूट

    HNN/ धर्मशाला

    विंटर सीजन में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) विशेष ऑफर लेकर आया है। इस ऑफर के तहत निगम के होटलों में ठहरने पर पर्यटकों को 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। पर्यटक छूट का यह लाभ 23 दिसंबर तक उठा सकेंगे। बता दें, विंटर सीजन में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए और प्रदेश में पर्यटकों की आमद बढ़ाने के लिए निगम ने यह फैसला लिया है।

    वहीँ, 25 और 26 नवंबर को दलाईलामा की टीचिंग (शिक्षा) होनी है, जिसके लिए एडवांस ऑनलाइन बुकिंग निगम के होटलों में ही नहीं बल्कि निजी होटलों को भी आ रही है। दिसंबर की भी कुछ बुकिंग निगम के पास आ चुकी है। ऐसे में क्रिसमस और न्यू ईयर पर भी शहर के होटल पूरी तरह से पर्यटकों से पैक रहने वाले हैं। जिससे धीमे पड़े पर्यटन कारोबार को और अधिक रफ्तार मिलेगी।

    उधर, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला स्मार्ट सिटी के अध्यक्ष राहुल धीमान के मुताबिक, पर्यटन कारोबार इन दिनों रफ्तार पकड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बीते वीकेंड पर होटलों में अच्छी खासी ऑक्युपेंसी रही थी। उन्होंने बताया कि इस वीकेंड पर भी भारी संख्या में सैलानी यहां पहुंचेंगे तथा आगामी की दिनों के दौरान पर्यटन कारोबार और अधिक रफ्तार पकड़ेगा।

  • HPBOSE Exam: अब इस दिन से शुरू होगी आठवीं कक्षा की परीक्षा, तारीखों में बदलाव…

    HPBOSE Exam: अब इस दिन से शुरू होगी आठवीं कक्षा की परीक्षा, तारीखों में बदलाव…

    HNN/ धर्मशाला

    हिमाचल प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा आठवीं 2023 परीक्षा की तारीखों में बदलाव करते हुए नवंबर की जगह अब दिसंबर माह में परीक्षाओं का आयोजन करने का निर्णय लिया है। ऐसे में कक्षा आठवीं की बोर्ड परीक्षा अब एक दिसंबर, 2022 से शुरू होगी। आठवीं की परीक्षा हिमाचल लोक संस्कृत योग से शुरू होगी और हिंदी विषय के साथ समाप्त होगी। 

    हालाँकि इससे पहले आठवीं की परीक्षाएं 28 नवंबर से शुरू होनी थी। उम्मीदवार जो कक्षा आठवीं शीतकालीन सत्र की परीक्षा के लिए उपस्थित होंगे, वे ध्यान दें कि परीक्षा तिथियों को संशोधित कर दिया गया है। परीक्षा में शामिल होने से पहले परीक्षार्थियों को नई डेट शीट बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड कर लेनी चाहिए।

    परीक्षा की महत्वपूर्ण तिथियां
    एक दिसंबर: हिमाचल लोक संस्कृति और योग
    दो दिसंबर: संस्कृत
    तीन दिसंबर: अंग्रेजी
    पांच दिसंबर: गणित
    छह दिसंबर: सामाजिक विज्ञान
    सात दिसंबर: कला, गृह विज्ञान, संगीत/ वाद्य, पंजाबी, उर्दू
    आठ दिसंबर: विज्ञान
    नौ दिसंबर: हिंदी