Category: CHAMBA

  • दुराचार के आरोपी को अदालत ने सुनाई कड़ी सजा, अश्लील वीडियो बनाकर करता था ब्लैकमेल

    दुराचार के आरोपी को अदालत ने सुनाई कड़ी सजा, अश्लील वीडियो बनाकर करता था ब्लैकमेल

    HNN / चम्बा

    जिला चम्बा के तीसा में नाबालिग से दुराचार के आरोपी को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी ने पहले नाबालिग के साथ दोस्ती की। उसके बाद उसे किसी बहाने से अपने घर बुलाया और उसके पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

    इतना ही नही उसने नाबालिग की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया। इसके चलते आरोपी ने कई बार पीड़िता से दुष्कर्म किया। जब इस बात का पता पीड़िता के परिजनों को लगा, तो उन्होंने तीसा थाना में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। थाना प्रभारी ने मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।

    पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। 14 दिनों के बाद उसे दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

  • व्यय पर्यवेक्षक सरदेंदु कुमार पाण्डे ने हर खर्च को रजिस्टर में दर्ज करवाने के दिए दिशा-निर्देश

    व्यय पर्यवेक्षक सरदेंदु कुमार पाण्डे ने हर खर्च को रजिस्टर में दर्ज करवाने के दिए दिशा-निर्देश

    HNN/ चंबा

    विधानसभा चुनाव के दौरान उम्मीदवारों के चुनावी खर्च की निगरानी के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी सरदेंदु कुमार पाण्डे ने बचत भवन चंबा में जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के व्यय रजिस्टरों का द्वितीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों के सहायक व्यय पर्यवेक्षकों और विभिन्न उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

    उन्होंने उम्मीदवार के चुनावी खर्च का पूरा ब्यौरा सही ढंग से व्यय रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए और कहा कि निर्वाचन आयोग के नियमों की अक्षरश: अनुपालना सुनिश्चित बनाई जाए। उन्होंने सहायक व्यय पर्यवेक्षकों को एविडेंस फोल्डर को सही तरीके से संभाल कर रखने को कहा। अगर किसी भी प्रकार की कोई भी गलती पाई जाती है तो उनकी व्यक्तिगत जिम्मेवारी तय की जाएगी।

    उन्होंने सहायक व्यय पर्यवेक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के साथ प्रतिदिन बैठक कर गतिविधियों की जानकारी सांझा करें। व्यय पर्यवेक्षक ने बताया कि व्यय रजिस्टरों का तीसरा निरीक्षण 9 नवंबर को किया जाएगा।

  • जिला में 688 ग्राम चरस बरामद, आरोपी गिरफ्तार

    जिला में 688 ग्राम चरस बरामद, आरोपी गिरफ्तार

    HNN/ चंबा

    जिला चंबा में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति के बैग की जब तलाशी ली तो उसमें से चरस बरामद हुई जोकि 688 ग्राम पाई गई। टीम द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पुलिस की एक टीम नाकाबंदी के दौरान गुनुनाला के पास मौजूद थी। इस दौरान पुलिस की नजर सामने से पैदल आ रहे टेक राम (32) पुत्र डील राम चुराह पर पड़ी जिसने कंधे पर एक कैरी बैग उठाया हुआ था। लिहाजा उसे पकड़कर बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 688 ग्राम चरस बरामद हुई।

  • कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट, एक बुरी तरह घायल

    कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट, एक बुरी तरह घायल

    HNN/ चंबा

    विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच लड़ाई-झगड़े के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता आपस में किसी बात को लेकर भिड़ गए जिसके चलते दोनों पक्षों में खूब लात-घूंसे चले। मारपीट की इस घटना में भाजपा का एक कार्यकर्ता घायल हुआ है जिसे टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है।

    वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 323, 34 के तहत केस दर्ज किया है। मामला जिला चंबा के कैंथली क्षेत्र का है। जहां कैंथली क्षेत्र के कांग्रेस समर्थित नरेश कुमार और विनोद कुमार ने भाजपा समर्थित प्रीतम से मारपीट की। प्रीतम ने बताया कि कुछ समय पहले ही उसने भाजपा जॉइन की थी जिसके चलते आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।

    वही मारपीट के दौरान प्रीतम घायल हुआ है जिसे टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। हालांकि, कांग्रेस ने भाजपा द्वारा लगाए गए इन आरोपों को सिरे से नकार दिया है। वहीं पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है साथ ही मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है।

  • द्वितीय पूर्वाभ्यास में 296 मतदान अधिकारियों ने लिया हिस्सा, निर्वाचन अधिकारी ने दिए यह निर्देश…

    द्वितीय पूर्वाभ्यास में 296 मतदान अधिकारियों ने लिया हिस्सा, निर्वाचन अधिकारी ने दिए यह निर्देश…

    HNN / चंबा

    विधानसभा क्षेत्र भरमौर के तहत मतदान अधिकारियों के लिए राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और डीएवी पब्लिक स्कूल भरमौर के परिसर में द्वितीय पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। पूर्वाभ्यास में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी भरमौर नरेंद्र कुमार ने कर्मचारियों को कर्तव्य निष्ठा के साथ चुनाव प्रक्रिया का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का गहनता से अध्ययन करें ताकि किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न ना हो। निर्वाचन अधिकारी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मतदान कर्मियों को ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित जानकारी प्रदान की। द्वितीय पूर्वाभ्यास में 296 मतदान अधिकारी शामिल रहे। पूर्वाभ्यास सत्र दो स्थानों राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और डीएवी पब्लिक स्कूल भरमौर के परिसर में आयोजित हुए।

  • जनजातीय उपमंडल पांगी में हेलीकॉप्टर से पहुंचाई गई 52 ईवीएम मशीनें

    जनजातीय उपमंडल पांगी में हेलीकॉप्टर से पहुंचाई गई 52 ईवीएम मशीनें

    HNN/ चंबा

    विधानसभा चुनाव 2022 के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र भरमौर के जनजातीय उपमंडल पांगी को हेलीकॉप्टर के माध्यम से ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) भेजी गई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांगी के कुल 36 मतदान केंद्रों के लिए 52 ईवीएम मशीन को कमिशनिंग करने के पश्चात कड़ी सुरक्षा के बीच दो हेलीकॉप्टर उड़ानों के माध्यम से किलाड़ पहुंचाया गया है।

    उन्होंने बताया कि भरमौर से ईवीएम को सड़क मार्ग द्वारा चंबा हेलीपैड पहुंचाया गया। गौरतलब है कि पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला के 14,482 फीट ऊंचे साच दर्रा में बर्फबारी के कारण उपमंडल पांगी को ज़िला मुख्यालय से जोड़ने वाला सड़क मार्ग चंबा-बैरागढ़-साच पास-किलाड़ बर्फबारी के कारण वाहनों के परिचालन के लिए बंद हो चुका है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि उपमंडल पांगी में 19 ग्राम पंचायतों के तहत 14629 पंजीकृत मतदाता हैं।

    इनमें 7151 महिलाएं व 7468 पुरुष और 27 सर्विस वोटर शामिल है। इसके साथ वृद्धजन मतदाताओं में 80 से 89 आयु के 81 और 90 से 99 आयु के 12 वयोवृद्ध मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि ईवीएम मशीन की परिवहन व्यवस्था को कड़ी सुरक्षा के साथ पूरा किया गया।

  • पीठासीन, सहायक पीठासीन और मतदान अधिकारियों के लिए दूसरा चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित

    पीठासीन, सहायक पीठासीन और मतदान अधिकारियों के लिए दूसरा चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित

    अब इतने नवम्बर को आयोजित होगा तीसरा अंतिम पूर्वाभ्यास

    HNN / चंबा

    विधानसभा क्षेत्र चंबा के तहत पीठासीन अधिकारी, सहायक पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारियों की दूसरी चुनावी रिहर्सल राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सरोल में आयोजित हुई। जिसमें 10 सेक्टर अधिकारी, 148 पीठासीन अधिकारी , 309 सहायक पीठासीन अधिकारियों सहित कुल 808 मतदान अधिकारियों ने भाग लिया। 

    पूर्वाभ्यास के मास्टर ट्रेनर एवं असिस्टेंट प्रोफेसर राजकीय महाविद्यालय चंबा अविनाश ने चलचित्र के माध्यम से मॉक पोल, ईवीएम व वीवीपैट संचालन और मतदान प्रक्रिया के दौरान अपनाई जाने वाली विभिन्न गतिविधियों से भी अवगत करवाया। उन्होंने अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उचित निवारण किया।

    इसके अतिरिक्त नोडल अधिकारी अरुण सेठ द्वारा एसएमएस आधारित पोल डे मॉनिटरिंग सिस्टम की विस्तृत जानकारी दी गई। अरुण शर्मा ने अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने दायित्व को पूरी गंभीरता से निभाने और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन तय बनाने को कहा। चुनावी कर्मियों के लिए तीसरी और अंतिम रिहर्सल 10 नवंबर को आयोजित की जाएगी, जिसके बाद वे ड्यूटी संबंधी मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे।

  • सड़क से लुढ़क कर नदी में गिरी गाड़ी, चालक की मौके पर मौत

    सड़क से लुढ़क कर नदी में गिरी गाड़ी, चालक की मौके पर मौत

    HNN/ चंबा

    जिला में पेश आए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चालक की मौत हो गई है। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया है। आज शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वही पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लिया गया है साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच करनी आरंभ कर दी गई है।

    हादसा बीती देर रात को हड़सर-बलमुही मार्ग पर पेश आया है। सुरेंद्र (38) पुत्र जगदीश चन्द निवासी गांव हड़सर सूमो गाड़ी में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान गाड़ी जैसे ही हड़सर-बलमुहीं मार्ग पर बलमुंही के पास पहुँची तो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर बुड्ढल नदी में जा गिरी।

    हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को देखकर इस बाबत जानकारी तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गहरी खाई में उतर कर शव को गाड़ी से बाहर निकाला तथा पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।

  • चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने दायित्व का बखूबी करें निर्वहन: जिला निर्वाचन अधिकारी

    चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने दायित्व का बखूबी करें निर्वहन: जिला निर्वाचन अधिकारी

    HNN/ चंबा

    प्रदेश में आगामी 12 नवम्बर, 2022 को निर्धारित विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत चुराह निर्वाचन क्षेत्र में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिये राजकीय महाविद्यालय तीसा के सभागार में दूसरा चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। पूर्वाभ्यास में 662 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 171 पीठासीन अधिकारी, 128 सहायक पीठासीन अधिकारी, 328 मतदान अधिकारियों के अतिरिक्त 12 सेक्टर ऑफिसर तथा 23 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।

    इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्वाभ्यास में चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपने सभी प्रकार के संदेह दूर करने की अपील की ताकि चुनाव के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करने पड़े। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने दायित्व का बखूबी निर्वहन करें और चुनावों को निष्पक्ष व स्वतंत्र तौर पर सम्पन्न करवाने में अपना सहयोग दें।

  • भटियात के मतदान केंद्र कियोड में आयोजित हुआ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम

    भटियात के मतदान केंद्र कियोड में आयोजित हुआ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम

    मतदान शपथ दिलाने के साथ आयोजित की गई जागरूकता गतिविधियां

    HNN / चंबा

    विधानसभा निर्वाचन 2022 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र भटियात के मतदान केंद्र कियोड-95 में आज जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। ज़िला स्वीप नोडल अधिकारी एवं ज़िला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान के लिए जनसाधारण में जागरूकता लाने के लिए मतदान केंद्र स्तर पर बृहद कार्य योजना के तहत जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

    स्वीप गतिविधियों (सुव्‍यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) को ज़िला में और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मिशन 277 के तहत गत चुनावों के दौरान 60 प्रतिशत कम मतदान केंद्रों में व्यापक रणनीति के आधार पर बहुआयामी मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

    उन्होंने बताया कि इसी कड़ी के तहत आज भटियात विधानसभा क्षेत्र के कियोड-95 मतदान केंद्र में लोगों को मतदान शपथ दिलाने के साथ विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई। इस दौरान लोगों से मतदान करने की अपील के साथ लोकतांत्रिक प्रणाली में मतदान करने के महत्व पर भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।