क्रिकेट का आगाज: अजनौली में तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन, मुख्य अतिथि अभिषेक डोगरा ने दिया नशामुक्ति का संदेश
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
अजनौली में तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में टीमों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि अभिषेक डोगरा ने युवाओं को खेलों के महत्व और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस आयोजन ने युवाओं में खेल भावना और सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया।
ऊना
क्रिकेट का आगाज, विधानसभा कुटलैहड़ क्षेत्र के अजनौली में तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता के शुभारंभ आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में डोगरा चैरिटेबल ट्रस्ट रौणखर के फाउंडर अभिषेक डोगरा उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए एक मजबूत संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “खेलों को हां, नशे को ना।”
प्रतियोगिता में लगभग 40 टीमों ने भाग लिया। जिससे क्षेत्र में खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह साफ झलकता है। अजनौली क्रिकेट क्लब द्वारा खिलाड़ियों के लिए आकर्षक इनाम रखे गए हैं।वहीं दर्शकों के लिए भी विशेष पुरस्कारों की व्यवस्था की गई। जिससे आयोजन और भी रोचक बन गया।मैचों के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड नंबर 6 घनारु कोटला की टीम ने जीत हासिल कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस अवसर पर रवि सिद्धू, हरजिंदर सिद्धू, सौरव बैंस, बंटी धीमान और विवेक रायजादा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अभिषेक डोगरा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल मैदान में युवाओं का जोश और उत्साह देखकर अत्यंत खुशी होती है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का एक सशक्त माध्यम है।उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा“खेलों को हां, नशे को ना।”
उन्होंने कहा कि नशा एक ऐसी बुरी आदत है, जो धीरे-धीरे इंसान की जिंदगी, उसके सपनों और उसके परिवार को खत्म कर देती है। यह न केवल व्यक्ति को, बल्कि पूरे समाज को कमजोर बनाता है। वहीं खेल हमें अनुशासन, आत्मविश्वास और मेहनत का महत्व सिखाते हैं।उन्होंने आगे कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, और यदि वे अपना समय खेलों में लगाएंगे तो वे न केवल खुद को मजबूत बनाएंगे, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणा बनेंगे।
अंत में उन्होंने सभी युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
“याद रखें, असली जीत ट्रॉफी नहीं, बल्कि एक अच्छा और सफल जीवन है।”