केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा: डीए 2% बढ़कर 60%, 1 जनवरी 2026 से लागू
केंद्र सरकार ने करीब 50 लाख कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनर्स को राहत देते हुए डीए और डीआर में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। अब डीए 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है और यह 1 जनवरी 2026 से लागू होगा। इस फैसले से कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनर्स की पेंशन में सीधा इजाफा होगा।
नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने करीब 50 लाख कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। अब डीए 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह अहम फैसला लिया गया। बढ़ा हुआ डीए 1 जनवरी 2026 से लागू होगा, जिससे कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनर्स की पेंशन में सीधा इजाफा होगा।
सरकार के इस फैसले से सालाना करीब 6,791 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। इससे पहले जुलाई 2025 के प्रभाव से डीए को 55 फीसदी से बढ़ाकर 58 फीसदी किया गया था।सरकार साल में दो बार—जनवरी और जुलाई में डीए और डीआर की समीक्षा करती है। महंगाई भत्ता कर्मचारियों को महंगाई के प्रभाव से राहत देने के लिए बेसिक वेतन के प्रतिशत के रूप में दिया जाता है।
पीएमजीएसवाई-3 को 2028 तक बढ़ाने को मंजूरी
कैबिनेट ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-3) को मार्च 2028 तक जारी रखने को भी मंजूरी दी है। इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों और पुलों का निर्माण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिससे गांवों को बाजारों, स्कूलों और अस्पतालों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
योजना का संशोधित बजट 83,977 करोड़ रुपये तय किया गया है। इसके तहत मैदानी क्षेत्रों में सड़क और पुल निर्माण मार्च 2028 तक और पहाड़ी क्षेत्रों में पुल निर्माण मार्च 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।सरकार के इन फैसलों को कर्मचारियों को राहत और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।