Loading...

चंबा में भेड़पालकों ने पुलिस कर्मियों पर मारपीट के आरोप लगाए, एसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / चंबा

चंबा जिले में बकलोह पुलिस चौकी के कर्मियों पर बसोधन पंचायत के दो भेड़पालकों ने मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों ने एसपी चंबा को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

चंबा

भेड़पालकों ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

जिला चंबा के बसोधन पंचायत के दो भेड़पालकों ने बकलोह पुलिस चौकी के कर्मियों पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर पीड़ित केवल सिंह पुत्र पूर्ण निवासी गांव मानकोट और निधिया राम पुत्र दोलू राम निवासी गांव ठेहड़ा ने एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में दोनों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि वे भेड़-बकरी पालन का कार्य करते हैं और घटना से पहले वे अपने पशुओं के साथ यात्रा पर थे।

पूछताछ के बाद चौकी बुलाकर मारपीट का आरोप

पीड़ितों के अनुसार 16 अप्रैल को वे कालाफाट क्षेत्र से लाहौल-स्पीति की ओर जा रहे थे, इसी दौरान 18 अप्रैल को उन्हें बकरियों से जुड़े एक मामले में फोन कर पूछताछ की गई। उनका कहना है कि उन्होंने मौके पर जाकर जांच कराने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद भी उन्हें लगातार पूछताछ के लिए बुलाया गया। आरोप है कि 27 अप्रैल को उन्हें बकलोह पुलिस चौकी बुलाया गया और 28 अप्रैल को वहां पूछताछ के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद 29 अप्रैल को एक बार फिर एक पीड़ित को चौकी बुलाकर कथित रूप से मारपीट की गई।

शरीर में चोट और सुनने की समस्या का दावा

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान उनके पैरों के तलवों पर बेल्ट से प्रहार किया गया, जिससे उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई हो रही है। एक पीड़ित ने कान में चोट लगने और सुनने में समस्या आने की बात भी कही है। दोनों का कहना है कि इस घटना के बाद उन्हें शारीरिक रूप से दर्द और सूजन की समस्या बनी हुई है, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हुई है।

एसपी ने दिए जांच के आदेश

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने डीएसपी डल्हौजी को निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। एसपी के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा पूरे प्रकरण की समीक्षा की जा रही है।

Related Topics: