Loading...

16 घंटे तक बाधित रहा चंबा-भरमौर एनएच, जानिए कब बहाल हुआ यातायात

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 10 Apr 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / चंबा

चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भू-स्खलन के कारण करीब 16 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुकी रही। प्रशासन और एनएच प्रबंधन ने मशीनों की मदद से मलबा हटाकर गुरुवार सुबह यातायात बहाल किया।

चंबा

भू-स्खलन से बाधित हुआ यातायात
चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बत्ती दी हट्टी के पास बुधवार शाम बारिश के कारण भू-स्खलन हुआ, जिससे भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरा। इसके चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान भरमौर और होली रूट पर चलने वाली बसें भी बीच मार्ग में ही रुक गईं और यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।

करीब 16 घंटे तक मार्ग रहा बंद
बुधवार शाम करीब सात बजे से बंद हुआ यह मार्ग पूरी रात बाधित रहा और गुरुवार सुबह तक यातायात बहाल नहीं हो पाया। मार्ग बंद रहने के कारण क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित रही और उपमंडल मुख्यालय तक सामग्री देर से पहुंची। राहत की बात यह रही कि जिस समय भू-स्खलन हुआ, उस दौरान मार्ग से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था।

मशीनों की मदद से हटाया गया मलबा
गुरुवार सुबह एनएच प्रबंधन को मार्ग बंद होने की सूचना मिलने के बाद तुरंत जेसीबी मशीनों और फील्ड स्टाफ को मौके पर भेजा गया। करीब चार घंटे तक लगातार कार्य कर मलबा और पत्थरों को हटाया गया, जिसके बाद सुबह लगभग पौने 11 बजे मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।

अधिकारियों ने दी जानकारी
एनएच मंडल चंबा के सहायक अभियंता ईं वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया और प्राथमिकता के आधार पर यातायात बहाल करने का कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि मार्ग अब सामान्य रूप से चालू है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

Related Topics: