चंबा के मेल और चूहन में 6.58 करोड़ से बनेंगे नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, विधानसभा अध्यक्ष ने किया भूमि पूजन
भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मेल और चूहन में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण का भूमि पूजन किया गया। दोनों भवनों का निर्माण 6.58 करोड़ रुपये की लागत से होगा, जिससे क्षेत्र की कई पंचायतों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
चंबा
6.58 करोड़ रुपये से तैयार होंगे दो नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मंगलवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मेल और चूहन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवनों के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर कार्य कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण 6 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इनमें पीएचसी मेल के भवन पर लगभग 3 करोड़ 73 लाख रुपये तथा पीएचसी चूहन के भवन पर लगभग 2 करोड़ 85 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
निर्माण कार्य के लिए राशि जारी, एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण के लिए 2-2 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है, जबकि शेष धनराशि निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य कर रही एजेंसी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ किया जाए तथा अगले एक वर्ष के भीतर भवनों का निर्माण पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नए भवनों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए आवासीय व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहतर हो सके।
5 से 6 हजार लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
उन्होंने बताया कि पीएचसी मेल के निर्माण के बाद ग्राम पंचायत मेल, नैनीखड्ड, बैली और सुदली, जबकि पीएचसी चूहन के माध्यम से ग्राम पंचायत चूहन, समलेउ और मोरनु सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 5 से 6 हजार लोगों को अपने क्षेत्र के निकट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी है। चंबा जिले के अधिकांश रिक्त पद भरे जा चुके हैं तथा शेष पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। साथ ही मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई शुरू करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
सड़क और पेयजल परियोजनाओं की भी दी जानकारी
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र की ढलोग, मेल, बैली, सुदली, मोरनु, भगडार, समलेउ और चूहन सहित विभिन्न पंचायतों में लगभग 39 सड़कों के निर्माण के लिए विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग 165 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी भी पेयजल की समस्या है, वहां चरणबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनसमस्याएं भी सुनीं
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि अन्य मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य प्रदीप शर्मा, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, डीएसपी मयंक शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


