चंबी स्टेडियम का निर्माण तेज, ढाई माह में खेल सुविधाएं तैयार करने का लक्ष्य
शाहपुर के चंबी मैदान में आधुनिक स्टेडियम का निर्माण तेज कर दिया गया है। उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर बताया कि पवेलियन ब्लॉक, खिलाड़ियों के विश्राम कक्ष, बाथरूम और चेंजिंग रूम सहित अन्य सुविधाएं करीब दो से ढाई माह में खिलाड़ियों को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
शाहपुर
केवल सिंह पठानिया ने शनिवार सुबह चंबी मैदान पहुंचकर यूथ स्पोर्ट्स के खिलाड़ियों से मुलाकात की और निर्माणाधीन स्टेडियम के कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्टेडियम की रिटेनिंग वॉल पर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण भी जारी है। उन्होंने कहा कि चंबी स्टेडियम शाहपुर की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देगा और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
खिलाड़ियों ने निर्माण कार्य पर जताया आभार
चंबी क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों ने मैदान को आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित करने के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाने और निर्माण कार्य को गति देने पर विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि स्टेडियम में प्रस्तावित सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद क्षेत्र के युवाओं को अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा मिलेगा।
हिमाचल की खिलाड़ियों को दी बधाई
पठानिया ने एशियन गेम्स में हिमाचल की बेटियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए भारतीय महिला कबड्डी टीम की पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चंबा के चुराह क्षेत्र की धाविका सीमा कुमारी को महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेटियों की ये उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।