Loading...

चौकीमन्यार कॉलेज की नई PTA कार्यकारिणी गठित, अश्वनी कुमार को मिली प्रधान की जिम्मेदारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में अभिभावक शिक्षक संघ की आम बैठक के दौरान शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नई PTA कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें अश्वनी कुमार को प्रधान चुना गया। प्राचार्य एवं PTA संरक्षक डॉ. बलविंदर सिंह राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास, छात्रवृत्ति योजनाओं, विद्यार्थियों के हित और नशे के बढ़ते प्रभाव सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालय में बैठक की कार्यवाही PTA सचिव डॉ. रामकुमार नेगी ने शुरू की। आमसभा को शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान महाविद्यालय और विद्यार्थियों के हित में लिए गए निर्णयों तथा उपलब्धियों की जानकारी दी गई। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 में PTA फंड की आय और व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसका कार्यकारिणी ने अवलोकन करने के बाद अनुमोदन किया।

छात्रवृत्ति योजनाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी

डॉ. रामकुमार नेगी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में अभिभावकों को जानकारी दी। इनमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, IRDP और BPL परिवारों के विद्यार्थियों के साथ वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध छात्रवृत्तियां शामिल रहीं। पात्र विद्यार्थियों से 30 अक्टूबर 2026 से पहले राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन करने की अपील की गई। पात्रता, जरूरी दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित अभिभावकों की शंकाओं का भी समाधान किया गया।

विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने पर मंथन

प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने विद्यार्थियों में बढ़ती नशाखोरी की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने नशे के विरुद्ध सरकार के प्रयासों, दिशा-निर्देशों और दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए महाविद्यालय प्रशासन, अभिभावकों और समाज को मिलकर प्रभावी प्रयास करने होंगे। इस दिशा में उन्होंने PTA कार्यकारिणी और अभिभावकों से महाविद्यालय प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आह्वान किया।

नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन

बैठक में पिछली PTA कार्यकारिणी को भंग कर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नई टीम चुनी गई। अश्वनी कुमार को प्रधान, डिंपल को उपप्रधान, डॉ. रामकुमार नेगी को सचिव, सीमा को संयुक्त सचिव, संजय कुमार को मुख्य सलाहकार और अनीता शर्मा को कोषाध्यक्ष बनाया गया। अश्विनी शर्मा और जीवन कुमार बाली को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया। प्रो. कविता कौशल, डॉ. सगुन डोगरा, प्रो. नवीन शर्मा, नीना और दर्शना को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।

प्राचार्य एवं PTA संरक्षक डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने नवनियुक्त कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम महाविद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों के हित में प्रभावी ढंग से काम करेगी। नवनियुक्त प्रधान अश्वनी कुमार ने प्राध्यापकों, अभिभावकों और समाज के जागरूक लोगों के सहयोग से महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी, विद्यार्थियों के अभिभावक और संरक्षक उपस्थित रहे।

Related Topics: •