Loading...

हिमाचल कबड्डी लीग की तैयारियों पर मंथन, टीम चयन से ऑक्शन तक बनी रणनीति

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल कबड्डी लीग के आगामी सीजन की तैयारियों को लेकर चूड़ेश्वर लीजेंड्स की बैठक में टीम चयन, प्रशिक्षण, फिटनेस प्लान और खेल रणनीति पर चर्चा की गई। संस्था के अध्यक्ष संदीप ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में युवा खिलाड़ियों को अवसर देने, टीमों की ब्रांडिंग शुरू करने और ऑक्शन से जुड़े विषयों पर टीम मालिकों के साथ जल्द विशेष बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया।

राजगढ़

चूड़ेश्वर लीजेंड्स की बैठक 28 सितंबर को आयोजित हुई, जिसमें कमेटी के सभी पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। आगामी हिमाचल कबड्डी लीग सीजन को लेकर हुई विस्तृत चर्चा में टीम चयन प्रक्रिया, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम, फिटनेस प्लान और रणनीति से जुड़े विषयों पर निर्णय लिए गए। बैठक में हिमाचल के युवा खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने और प्रदेश की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

टीमों की ब्रांडिंग जल्द होगी शुरू

चूड़ेश्वर लीजेंड्स के महासचिव विक्रम सिंगटा ने कहा कि संस्था हिमाचल प्रदेश में खेलों के विकास और युवाओं को मंच देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि लीग के पहले सीजन की फ्रेंचाइजी लगभग पूरी हो चुकी है। बैठक में टीम मालिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रत्येक टीम की ब्रांडिंग जल्द शुरू करने का निर्णय लिया गया। कमेटी इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के माध्यम से टीमों की ब्रांडिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।

ऑक्शन पर टीम मालिकों से होगी चर्चा

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने लीग के सफल आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग और कड़ी मेहनत का आश्वासन दिया। टीम प्रतिनिधियों के अनुसार हिमाचल कबड्डी लीग को व्यवस्थित रूप देने के लिए विस्तृत शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। अगले चरण में टीम मालिकों के साथ विशेष बैठक बुलाई जाएगी। इसमें लीग के आयोजन और खिलाड़ियों के ऑक्शन से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करने के बाद उन्हें लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।