उप तहसील जोल के चौकीमन्यार में पेयजल आपूर्ति में निकले जीवित कीड़े, जल शक्ति विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर
ग्राम पंचायत चौकीमन्यार में पेयजल आपूर्ति के दौरान पानी में जीवित कीड़े मिलने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों ने दूषित पानी से स्वास्थ्य पर खतरा बताते हुए जल शक्ति विभाग से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की अपील की है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला ऊना की उप-तहसील जोल के अंतर्गत ग्राम पंचायत चौकीमन्यार में पेयजल आपूर्ति को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि घरों में सप्लाई किए जा रहे पीने के पानी में जीवित कीड़े निकल रहे हैं, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने इसे जल शक्ति विभाग की बड़ी लापरवाही बताते हुए विभाग और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पेयजल स्रोतों, जल भंडारण टैंकों और पाइपलाइन व्यवस्था की तुरंत जांच कराई जाए तथा पानी के नमूनों की लैब में जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में इस प्रकार की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, जिससे यह मामला भविष्य के लिए एक नजीर बन सके और जनता की सेहत से किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।
