चौकीमन्यार कॉलेज के विद्यार्थियों ने पैम्फलेट बांटकर बताए सड़क सुरक्षा के नियम
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार के विद्यार्थियों ने पैम्फलेट वितरण अभियान चलाकर आम जनता को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। रोड सेफ्टी एवं आपदा प्रबंधन क्लब की ओर से आयोजित अभियान में विद्यार्थियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने का संदेश दिया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप तहसील जोल और ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने लोगों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पैम्फलेट वितरित किए और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। विद्यार्थियों ने बताया कि नियमों की अनदेखी वाहन चालक के साथ दूसरे लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। सावधानी और जिम्मेदारी अपनाकर कई सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। ऐसे जागरूकता अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ आम जनता को भी सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग देने और नियमों के पालन के लिए प्रेरित करते हैं।
अभियान के दौरान महाविद्यालय की प्राध्यापक प्रो. कविता कौशल और प्रो. नवीन शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने लोगों को समझाया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं है, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी भी है। अभियान में हेलमेट, सीट बेल्ट और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी को सुरक्षित यातायात के लिए आवश्यक बताया गया।